
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने कहा कि उसे चार श्रमिक संगठनों से एक दिन की हड़ताल का नोटिस मिला है। इन श्रमिक संगठनों ने सोमवार को 26 नवम्बर को हड़ताल पर जाने का नोटिस दिया है।
कंपनी ने बीएसई को दी गई सूचना में कहा कि ‘कोल इंडिया के चार श्रमिक संगठनों ने कंपनी और उसकी अनुषंगी इकाइयों को एक दिन की हड़ताल के लिए नोटिस दिया है।’ कंपनी ने इस बारे में विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि, कोल इंडिया ने कहा कि हड़ताल टालने और सुलह को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 10 केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने 17 नवम्बर को प्रस्तावित हड़ताल पर रहने की घोषणा की थी। कोल इंडिया दुनिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है। यह कंपनी देश के 8 राज्यों में फैले 84 खनन क्षेत्रों का परिचालन करती है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved