
नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस की वजह से सरकार द्वारा लगाई गई पूर्ण बंदी के बाद से पहली बार गुरुवार को हवाई यात्रियों की संख्या 1.32 लाख के पार पहुंच गई।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 10 सितम्बर को रिकॉर्ड 1,308 उड़ानें रवाना हुईं। इन उड़ानों में कुल 1,32,293 यात्रियों ने सफर किया जो पूर्णबंदी के बाद का नया रिकॉर्ड है।
उल्लेखनीय है कि पूर्णबंदी के दौरान 25 मार्च से देश में सभी प्रकार की नियमित यात्री उड़ानों पर रोक लगा दी गई थी। दो महीने के अंतराल के बाद 25 मई से घरेलू यात्री उड़ानें दुबारा शुरू की गई हैं। कोविड-19 महामारी से पहले देश में रोजाना औसतन तीन हजार उड़ानें रवाना होती थीं जिनमें तीन लाख के करीब यात्री सफर करते थे। यात्रियों की संख्या कम रहने के कारण विमान सेवा कंपनियां अभी 60 फीसदी उड़ानों का भी परिचालन नहीं कर रही हैं। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved