
डेस्क। पाकिस्तान (Pakistan) के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत (Khyber Pakhtunkhwa Province) में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक सुरंग के पास बृहस्पतिवार को एक ट्रक (Truck) के पलट जाने से एक ही परिवार के कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 8 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। बचाव अधिकारियों ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी है।
रेस्क्यू 1122 आपातकालीन सेवाओं के प्रवक्ता ने बताया कि यह दुर्घटना मलाकंद जिले के स्वात मोटरवे पर हुई। सभी पीड़ित स्वात के बहरीन तहसील के जिब्राल क्षेत्र के एक खानाबदोश परिवार से थे, जो अक्सर मौसमी तौर पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास करते थे। हादसे की सूचना मिलने पर बचाव सेवाएं और पुलिस दुर्घटना स्थल पर पहुंची और सभी को जिला मुख्यालय अस्पताल बटखेला पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने 15 लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि 8 घायलों को आपातकालीन चिकित्सा प्रदान की गई। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को बाद में विशेष देखभाल के लिए स्वात ले जाया गया। बचाव सूत्रों के अनुसार, मृतकों और घायलों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved