
इंदौर। कल 11 बजे से कैबिनेट बैठक राजवाड़ा में शुरू होगी, जिसके लिए गणेश हॉल और दरबार हॉल को सजाया-संवारा जा रहा है। कल नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राजवाड़ा पहुंचकर कैबिनेट बैठक की तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया और कई महत्वपूर्ण संशोधन भी करवाए। 22 साल पुराने बंद पड़े झूमर को हटाकर नए लगवाने के अलावा अहिल्याबाई के बदसूरत फ्लैक्स देखकर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की और कहा कि अहिल्याबाई तो बेहद खूबसूरत थीं, उनके फ्लैक्स कितने भद्दे बनवाए गए हैं, उसे बदला जाए। मंत्री ने भोजन, मीडिया सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी काम कर रही एजेंसी और अधिकारियों से जानकारी ली। मोहन सरकार के सबसे वरिष्ठ मंत्री के साथ श्री विजयवर्गीय को इंदौर के बारे में भी सबसे अधिक जानकारी है।
यही कारण है कि कल उन्होंने कैबिनेट बैठक की तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, वहीं ग्रामीण अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा सहित एडीएम रोशन रॉय, अपर कलेक्टर रींकेश वैश्य सहित अन्य मौजूद रहे। श्री विजयवर्गीय ने पहले अहिल्या उद्यान का अवलोकन किया, जहां पर निगम के जनकार्य और उद्यान प्रभारी राजेन्द्र राठौर ने जानकारी दी कि किस तरह निगम ने चंद दिनों में अहिल्या उद्यान की कायापलट कर उसे खूबसूरत बना दिया।
लकड़ी के बर्तन में भोजन करेगी सरकार
कल राजबाड़ा पर आयोजित कैबिनेट की मीटिंग के पश्चात वहीं पर पूरी कैबिनेट का भोज भी होगा। इस भोज के लिए इंदौर के ही एक कैटरिंग सर्विस को बुक किया गया है। इस कैटरिंग सर्विस द्वारा नवाचार करते हुए मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों को लकड़ी के बर्तन में भोजन कराया जाएगा। प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश राजौरा ने इन बर्तनों को भी देखा। उनके द्वारा सहमति दिए जाने पर भोजन में कल लकड़ी के बर्तन नजर आ सकेंगे।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved