जयपुर। अलवर जिले के मालाखेड़ा उपखंड क्षेत्र (Malakheda subdivision area) में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब 11 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन (High voltage power line) का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। करंट की चपेट में आने से करीब 35 बकरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
बाड़े पर गिरा तार, कुछ ही पलों में मरे पशु
घटना ग्राम पंचायत सालपुर के मोरेड़ा गांव की है, जहां बस्ती से गुजर रही बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर उस बाड़े पर गिर गया, जहां बकरे-बकरियां बंधी हुई थीं। बिजली प्रवाहित होने से पशु तड़पने लगे और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई।
मृत पशु स्थानीय पशुपालक इलियास पुत्र फूल खान के बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार उन्हें करीब 10 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई, लेकिन संबंधित लाइनमैन ने फोन रिसीव नहीं किया। समय पर बिजली आपूर्ति बंद नहीं होने से करंट का असर लंबे समय तक बना रहा, जिससे आसपास मौजूद लोगों की जान को भी खतरा बना रहा।
गांव में आक्रोश, मुआवजे की मांग
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली काट दी जाती, तो नुकसान कम हो सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन और पशुपालन विभाग ने शुरू किया आकलन
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। राजस्व अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लिया और मृत पशुओं का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
जर्जर लाइनों की जांच की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइनों की नियमित जांच कराई जाए और पुराने या ढीले तारों को तत्काल बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved