
इंदौर। लगभग 8 एकड़ में बनने वाले नए एमवाय हॉस्पिटल के निर्माण स्थल पर 86 पेड़ बाधा बन रहे हैं। इन्हें हटाने के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने नगर निगम को लिखा है। जो पेड़ हटाए जाना हैं उनमें कई साल पुराने कई प्रजातियों के पेड़ शामिल हैं।
लगभग 773 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए एमवाय हॉस्पिटल प्रोजेक्ट में कई बाधाएं सामने आ रही हैं। इन बाधाओं से निजात पाना नामुमकिन तो नहीं, मगर फिलहाल मुश्किल है। जहां नया एमवाय हॉस्पिटल बनना है वहां 10 से ज्यादा अतिक्रमण करने वाले सालों से अवैध कब्जा जमाए बैठे हैं। इसके अलावा कई पुरानी इमारतें, क्वार्टर भी बाधा हैं, मगर इन्हें तोडऩा आसान नहीं है, क्योंकि सब सरकारी हैं, मगर इन सबके अलावा निर्माण स्थल में 119 पेड़ भी बाधा बन रहे हैं। इनमें से 86 पेड़ हटाना जरूरी है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार इन्हें विस्थापित करने के लिए नगर निगम को पत्र लिख दिया है। जो पेड़ बिना काटे दूसरी जगह विस्थापित किए जा सकते हैं उन्हें विस्थापित किया जाए। जिन्हें नहीं किया जा सकता उन्हें काट दिया जाए।
मौके पर टीम भेजकर निरीक्षण करवाएंगे
इस मामले में नगर निगम उद्यान अधिकारी का कहना है कि सहायक उद्यान अधिकारी को मौके पर भेजकर निरीक्षण करवाएंगे कि कितने पेड़ का प्लांटेशन, यानी विस्थापन किया जा सकता है। रिपोर्ट के बाद ही पता पड़ेगा कि कितने पेड़ विस्थापित किए जा सकते हैं और कितने काटना पड़ेंगे। जबकि जानकारों का कहना है ट्री-ट्रांसप्लांटेशन का अब तक का रिकार्ड अच्छा नहीं है।
आठ एकड़ में इन प्रजातियों के पेड़ बाधक हैं
एमजीएम मेडिकल के अनुसार 8 एकड़ में 119 पेड़ चिह्नित किए गए हैं। इनमें नीम, जामुन, पीपल, आम, इमली, नीलगिरि, अशोक प्रजाति के पेड़ शामिल हैं। इनमें से 86 पेड़ निर्माण स्थल में बाधा बन रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved