
इंदौर। जयरामपुर में एक कार सवार परिवार की कार रोककर धमकाने और गाड़ी फोडऩे के मामले में पुलिस ने कुछ लोगों पर कार्रवाई की है। यह उस समय हुआ, जब पुलिस कर्बला के मेले में लगी हुई थी। घटना के बाद लोगों ने थाने का घेराव किया। साधु वासवानी नगर की रहने वाली 21 साल की एक युवती ने रात को रिपोर्ट लिखाई कि वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जयरामपुर कॉलोनी तिराहे से गुजर रही थी, तभी 5-6 युवकों ने उनकी कार को रोका और घेर लिया।
इन लोगों ने पहले नाम और पता पुछे। जैसे ही नाम बताया तो लोहे की रॉड से कार का कांच फोड़ दिया। कार सवार परिवार करीब आधे घंटे तक दहशत में रहा। बाद में जैसे-तैसे वहां से निकला। इसकी सूचना जैसे ही हिंदूवादियों को लगी तो वे थाने का घेराव करने पहुंचे। भाजपा नेता पंकज फतेहचंदानी, हिंदूवादी कृष्णा, जय राजदेव, सुमित हार्डिया, जगदीश खत्री साथियों के साथ थाने पहुंचे और घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने देर रात अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की। आज सुबह सीसीटीवी कैमरों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved