
इंदौर। लोकायुक्त पुलिस ने कल जनपद पंचायत झाबुआ के एक उपयंत्री को दस हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा। वह इंदौर का निवासी है और बिल पास करने के नाम पर पंचायत सचिव से ही रिश्वत मांग रहा था। लोकायुक्त पुलिस को राणापुर पंचायत के सचिव कल्याणसिंह पिता दलसिंह ने कुछ दिन पहले शिकायत की थी कि उनकी पंचायत में एक तालाब का निर्माण कार्य किया गया था।
इसका बिल बनाने और कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र देने के लिए जनपद पंचायत का उपयंत्री देवेंद्रसिंह ठाकुर निवासी प्रजापत नगर इंदौर दस हजार की रिश्वत मांग रहा है। इस पर लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप टीम गठित कर झाबुआ भेजी। कल जैसे ही उपयंत्री ने रिश्वत की दस हजार की राशि ली टीम ने रंगेहाथों पकड़ लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बताते हैं कि उसकी पहले भी कई शिकायतें पंचायत में पहुंची हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते सचिव ने इंदौर लोकायुक्त को शिकायत की थी।
इस साल अब तक 24 ट्रैप
सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार किस तरह फैला हुआ है इसका प्रमाण है लोकायुक्त पुलिस की आठ माह में हुई कार्रवाई। लोकायुक्त पुलिस अब तक 24 लोगों को ट्रैप कर चुकी है। इनमें चार महिलाएं भी हैं। इसके अलावा चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कई प्रकरणों में दो से तीन आरोपी बनाए गए हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved