मनोज कुमार द्विवेदी के चेहरे पे आपको हमेशा मुस्कान तैरती मिलेगी। अपनी रोबीली लेकिन शाइस्तगी भरी आवाज़ से ये सभी का दिल जीतने का हुनर रखते हैं। कुल मिलाके मनोज भाई को हम एक मॉडल पब्लिक रिलेशन अफसर कह सकते हैं। आप मप्र मध्य क्षेत्र विधुत वितरण कंपनी लिमिटेड भोपाल में सीनियर पब्लिक रिलेशन अफसर के ओहदे पे काम करते हैं। निहायत खुशमिजाज़, सबकी मदद करने को पेश पेश रहने वाले मनोज कुमार द्विवेदी की स्कूली तालीम सेंट्रल स्कूल शिमला में और भोपाल के सेंट जोसफ कान्वेंट स्कूल में हुई। वहां अंग्रेज़ी के साथ ही उर्दू भी एक सब्जेक्ट था। लिहाज़ा इन ज़बानों पे भाई की उम्दा पकड़ है। लिखने पढऩे के शौक के चलते मनोज मियाँ ने एमएससी एलक्ट्रॉनिक्स के बाद बीएड किया और बाद में हरी सिंह गौर विवि सागर से सहाफत में पीजी किया। इस नोकरी में आने के क़ब्ल मनोज भाई ने दैनिक नईदुनिया, दैनिक जागरण, स्वदेश और इंडियन एक्सप्रेस में सहाफत भी करी। इन अखबारों में बतौर सहाफी (पत्रकार) आपने भोत उम्दा उम्दा काम दिखाया। गुजिश्ता 28 बरसों से ज़्यादा वक्फे से जनाब विद्युत वितरण कंपनी में सीनियर पब्लिक रिलेशन ऑफीसर हैं। मनोज भाई को इसी 26 नवम्बर को दुष्यन्त कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय की जानिब से स्टेट लेवल का स्मृति अवार्ड दिया जा रहा है। आपको राजेन्द्र जोशी स्मृति प्रतिष्ठित अवार्ड अता किया जाएगा। वैसे इन्हें पब्लिक रिलेशन सोसायटी ऑफ इंडिया की जानिब से चार बार नेशनल अवार्ड से नवाजा जा चुका है। वहीं साल 2017 में आपको संतोष कुमार शुक्ल लोक संप्रेषण पुरस्कार भी मिल चुका है। भोत भोत मुबारक हो साब। आप इसी तरह अवार्डों से नवाजे जाते रहें…सूरमा येई दुआ करता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved