
भोपाल। भोपाल गैस त्रासदी की 38वीं बरसी पर सेंट्रल लाइब्रेरी, भोपाल के निकट बरकतुल्ला भवन में श्रद्धांजलि एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गैस त्रासदी से प्रभावित लोगों के साथ राज्य सरकार साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब किसी मनुष्य की त्रुटि के कारण कोई दुनिया से चला जाता है, वह त्रासदी पूर्ण होता है। यूनियन कार्बाइड की गलती, उस पर नियंत्रण कर्ताओं की त्रुटि, उनकी लापरवाही के कारण लोगों का जीवन समाप्त हुआ। सैकड़ों मासूम बच्चे चले गए। युवा लोग चले गए। त्रासदी हुई तो लोग बदहवास भाग रहे थे। इस त्रासदी को 38 वर्ष हो गए। यह त्रासदी भुलाये नहीं भूलती।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल से हमें सबक लेना है। प्रत्येक जिम्मेदार अपनी जिम्मेदारी निभाए। जिन्होंने जिम्मेदारी नहीं निभाई, उन्हें सजा भी मिले । प्रकृति से खिलवाड़ किया जाए, यह सही नहीं। जीवों को मारना उचित नहीं। धर्मगुरुओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति पृथ्वी पर कुछ दिन के लिए आया है। सभी धर्मों में कहा गया है कि जीवन में अच्छे कर्म करें। बुरे कार्य का दुष्परिणाम भुगतना पड़ेगा। ईश्वर एक है। रास्ते अलग अलग हैं। प्रत्येक धर्म गुरुओं को एक साथ सुनते हैं तो सार्थक संदेश मिलता है। जीवन में जब तक व्यक्ति है अच्छे कर्म करे, अपने कर्तव्यों की पूर्ति करें। सभी का अलग-अलग दायित्व है। सभी अपने कर्तव्य का पालन करें। हमारा जीवन तभी धन्य होगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved