
भोपाल। मध्यप्रदेश में सर्दी सुबह-शाम की बनी हुई है। हवाओं का रुख बदलने से तापमान में उछाल है। हालांकि 26 दिसंबर को एक तीव्र आवृत्ति वाला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेगा। उसके प्रभाव से हवाओं के साथ नमी आने के कारण मध्य प्रदेश में बादल छाने के आसार हैं। जिसके चलते दिन के तापमान में गिरावट होने लगेगी। 28 दिसंबर के बाद तेज सर्दी पड़ सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो महाराष्ट्र पर एक प्रति-चक्रवात बना हुआ है, जिसके असर से हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है। इससे प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। हवा का रुख उत्तरी होने पर रात के तापमान में गिरावट होने लगती है। इसी तरह उत्तर-पूर्वी या उत्तर-पश्चिमी होने पर तापमान में बढ़ोतरी होने लगती है। फिलहाल एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू-कश्मीर पर एक्टिव है। जानकारों की मानें तो 26 दिसंबर को एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। उसके असर से पहाड़ों पर बर्फबारी एवं वर्षा भी होगी। इसके आगे बढऩे के बाद 28 दिसंबर से सर्दी बढ़ेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved