
दावोस। भारत (India) को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के रूप में सही समय पर सही नेता मिला है और वह देश को विभिन्न आर्थिक तथा सामाजिक (Economic and social) मानदंडों पर शीर्ष पर ले जाएंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (Andhra Pradesh Chief Minister N. Chandrababu Naidu) ने मंगलवार को स्विट्जरलैंड (Switzerland) के शहर दावोस में यह बात कही।
दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की सालाना बैठक से इतर भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘‘ भारतीय विश्व स्तर पर सर्वाधिक स्वीकार्य समुदाय हैं और यह भविष्य में भी जारी रहेगा।’’
नायडू ने ‘2047 तक स्वर्ण आंध्र’ पर एक आर्थिक कार्यबल की शुरुआत के मौके पर कहा कि उनके राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं और वह सही रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में हमें सही समय पर सही नेता मिला है। देश के लिए सुधारों और नीतिगत रूपरेखा के बारे में उनके पास पूर्ण स्पष्टता है।’’ नायडू ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा और विभिन्न क्षेत्रों में पहले या दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा।’’
उन्होंने गरीबी व भुखमरी जैसे मुद्दों से निपटने और सभी के जीवन में सुधार लाने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल से पी4 मॉडल यानी ‘सार्वजनिक, निजी तथा जन भागीदारी’ की ओर आगे बढ़ने की वकालत की। नायडू ने सीआईआई के साथ साझेदारी में प्रतिस्पर्धा पर वैश्विक नेतृत्व केंद्र की स्थापना की भी घोषणा की।
इस कार्यक्रम में उपस्थित टाटा समूह के प्रमुख एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि ‘2047 तक स्वर्ण आंध्र’ पर आर्थिक कार्यबल का सह-अध्यक्ष बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने तत्कालीन एकीकृत आंध्र प्रदेश (अब तेलंगाना और आंध्र प्रदेश) के मुख्यमंत्री के रूप में नायडू की आर्थिक दूरदर्शिता की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘हम 2047 के लिए यह योजना विकसित कर रहे हैं, लेकिन साथ ही इसकी ओर बढ़ने के लिए तत्काल क्रियान्वित किए जाने वाली योजनाएं भी होंगी।’’
चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘योजना के कई घटक होंगे, शुरुआत में कुछ क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जबकि हम अन्य क्षेत्रों को भी लक्ष्य बनाएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम वैश्विक स्तर के शैक्षणिक संस्थान भी स्थापित करेंगे।’’
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved