गुरुग्राम। गुरुग्राम में 74 वर्षीय रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी (Retired Government Employee) से 1.75 करोड रुपये लूटने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग से साइबर अपराधियों (Cyber Criminals) ने निवेश के नाम पर ठगा था। सेक्टर 37 सी में एक कॉन्डोमिनियम में रहने वाले पीड़ित को एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लालच देकर कई महीनों तक ठगा था।
पुलिस के अनुसार पीड़ित को मैसेजिंग ऐप पर शेयर बाजार खास तौर पर आईपीओ में निवेश के मौके होने के बारे में मेसेज मिला था। मेसेज में इन इन्वेस्टमेंट के जरिए भारी मात्रा में रिटर्न मिलने का लालच दिया गया था। कुछ लोगों ने शेयर बाजार के विशेषज्ञ बनकर कुछ मार्केट में निवेश करने से जुड़ी सलाहें भी दी थीं। इस तरह रिटायर्ड अधिकारी निवेश के नाम पर चल रही धोखाधड़ी का शिकार हो गए और जालसाजों द्वारा बिछाए गए जाल में फंसते ही चले गए।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन (पश्चिम) के एसएचओ संदीप कुमार ने कहा कि पीड़ित ने रविवार को हमसे संपर्क किया, जब उन्हें एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। उसने एक शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) और 319 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई।
पीड़ित ने कथित तौर पर अपनी जीवन भर की बचत खो दी और डर के मारे अपने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने कहा कि पैसे वापस पाने के प्रयास चुनौतीपूर्ण रहे हैं, क्योंकि संदिग्धों ने एक महीने से भी अधिक समय पहले खाते खाली कर दिए थे और कई अन्य खातों में धनराशि ट्रांसफर कर दी थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved