
कल मथुरा में हुई दुर्घटना में तीन भाइयों की मौत का मामला
इन्दौर। मथुरा (Mathura) में शनिवार दोपहर में हुए भीषण सडक़ हादसे (terrible road accidents) में इन्दौर (Indore) के तीन सगे भाइयों (Brothers) सहित ड्रायवर की हुई मौत के बाद घरों में मातम पसर गया। तीन सगे भाइयों में दो राजनगर (Rajnagar ) में, वहीं एक एयरपोर्ट के सामने स्थित बाबू मुराई कालोनी (Babu Murai Colony) में निवासरत था। वहां ड्रायवर साबिर भी बाबू मुराई कालोनी में रहता था, जिसकी भी मौत हो गई थी। मृतक शर्मा बंधुओं का अंतिम संस्कार मथुरा में किया जाएगा, जिसके लिए परिजन रात में और आज सुबह निकल गए।

[relpost
तीन सगे भाइयों की हुई मौत से जहां राजनगर और बाबू मराई कालोनी में सन्नाटा पसर गया, वहीं कालोनी में निवासरत लोगों ने भी जागकर रात गुजारी। मृतक हुकुमचंद के साले अजय शर्मा ने बताया कि इन्दौर से मथुरा रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में शामिल होने के लिए राज नगर में रहने वाले हुकुमचंद शर्मा (40), प्यारेलाल शर्मा (60) व मुकेश शर्मा (45) पड़ोस में रहने वाले शिवम शर्मा (20) के साथ ड्रायवर साबिर के साथ गए थे। विवाह समारोह सम्पन्न होने के बाद सभी वंृदावन में दर्शन करने के लिए निकले ही थे कि छटीकरा देवी आटस मार्ग पर वह सभी भीषण दुर्घटना का शिकार हो गए, जिसमें तीनों सगे भाइयों की मौत हो गई, वहीं ड्रायवर साबिर ने भी दम तोड़ दिया था। शिवम गंभीर रूप से घायल है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अजय के अनुसार हादसा इतना भयानक हुआ है कि शवों को इन्दौर लाना मुमकिन नहीं है। इसलिए आज सुबह मृतक हुकुमसिंह के परिवार से बेटी आंचल (22), निकिता (20) और बेटा शुभम (30)मथुरा के लिए अन्य परिजनों के साथ निकले हैं, जो शाम तक मथुरा पहुंच जाएंगे, वहीं प्यारेलाल के परिवार में बेटा सोनू (24), लक्की (22) कल रात को ही मथुरा के लिए परिचितों के साथ रवाना हो गया था।

बाबू मुराई और राजनगर के रहवासियों ने जागकर रात गुजारी
राजनगर में रहने वाले प्यारेलाल और मुकेश शर्मा की मौत की खबर जैसे ही कालोनी में आग की तरह फैली, वहां सन्नाटा पसर गया। दोनों के घर के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि बड़े ही नेक दिल इन्सान थे। मोहल्ले में कभी दोनों भाइयों की ऊंची आवाज नहीं सुनी, वहीं हुकुमचंद जो कि बाबू मुराई कालोनी में रहते थे, वहां भी रात से ही पूरे मोहल्ले के लोग घटना को लेकर गमजदा हैं। दोनों ही कालोनियों में रहने वाले लोगों ने कल की रात जागकर गुजारी।
जुते-चप्पल के कारखाने पर काम करते थे दो भाई
परिजनों के अनुसार हुकुमचंद और प्यारेलाल अलग-अलग किसी जुते-चप्पल की दुकान पर काम करते थे। दोनों भाईयों में गहरा प्रेम था जिसके चलते दोनों अधिकतर एक साथ ही परिवार में जाया करते थे।
शिवम के पिता 6 माह से कोमा में
कल मथुरा में हुए भीषण सडक़ हादसे में तीन भाइयों की जहां मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल उनका रिश्तेदार शिवम के पिता नरेन्द्र का भी रेती मंडी चौराहा पर पिछले 6 माह पूर्व एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें बाइक सवार ने उन्हें ऐसी टक्कर मारी थी कि वह कोमा में चले गए थे, तब से वह बिस्तर पर ही हैं।
सबकी आंखें हो गई नम
कल दोपहर में मथुरा में हुए भीषण सडक़ हादसे में तीन भाइयों सहित ड्रायवर की हुई मौत के बाद कालोनी में पसरे सन्नाटे के बाद आज सुबह से राजनगर और बाबू मुराई कालोनी में गमजदा परिवार के आसपास रहने वाले घरों में सुबह से चूल्हे नहीं जले। दोनों कालोनी के रहवासियों की इस भीषण हादसे से आंखें नम दिखाई दी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved