
ग्वालियर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में एक कांग्रेस नेता (Congress leader) को प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister Narendra Modi.) की तारीफ करना भारी पड़ गया। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया है। साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी गई। चर्चा है कि पार्टी ने निष्कासित कांग्रेस नेता जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं।
कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi.) की प्रशंसा करने वाले कांग्रेस के ग्वालियर नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष कृष्ण राव दीक्षित कल्लू (Krishna Rao Dixit Kallu) को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। उनकी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी गई।
इससे पहले अनुशासनहीनता के मामले में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बाद भी उनका बयान आया था कि वे अपनी बात पर अडिग हैं। इसके बाद नोटिस जारी कर अनुशासन समिति के अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल ने तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के लिए कहा था। कृष्ण राव दीक्षित ने नोटिस का जवाब न देते हुए समाचार पत्रों में अपना साक्षात्कार और ऑडियो के माध्यम से पार्टी की रीति नीति को ठीक न मानते हुए अपनी अलग राय व्यक्त की थी।
कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने बताया कि अनुशासन समिति की अनुशंसा पर कृष्ण राव दीक्षित को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा का कहना है कि उन्हें 3 दिन पहले पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करने पर नोटिस जारी किया गया था। उनका कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उन्हें पार्टी से बेदखल किया गया है।
उन्होंने कहा कि कृष्ण राव दीक्षित पिछले कई दिनों से बीजेपी के संपर्क में हैं। उन्होंने कई बार बीजेपी का मंच साझा किया। फिर भी पार्टी ने उनके खिलाफ कोई ऐक्शन नहीं लिया। अब उन्होंने पार्टी की विचारधारा पर ही सवाल खड़े किए हैं। इसलिए उन पर यह कार्रवाई की गई है। बताया गया कि दीक्षित शुरू से ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए ज्योतिरादित्य सिंधिया के संपर्क में थे। अब वे जल्द ही सिंधिया या मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved