
इन्दौर। पिकनिक मनाने गए दो युवक सडक़ हादसे का शिकार हो गए। एक को गंभीर चोटें लगने के चलते इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मूसाखेड़ी के रहने वाले राहुल पिता श्याम की मौत हुई। राहुल परसों एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर तिंछाफाल में पिकनिक मनाने गया था। बताया जा रहा है कि एक अन्य बाइक सवार ने राहुल की बाइक को टक्कर मार दी थी। घटना में राहुल को गंभीर चोटें आईं तो उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। राहुल मॉल में नौकरी करता था।
अनियंत्रित कार डिवाइडर में घुसी…
इंदौर। रात को एक अनियंत्रित कार डिवाइडर में जा घुसी। घटना में कार में सवार दोनों युवक घायल हुए हैं। आजाद नगर पुलिस ने बताया कि शांति नगर चौराहे की घटना है। मारुति कंपनी की कार में सवार दो युवक कार को भगाते हुए यहां से गुजर रहे थे, तभी चालक ने कार से नियंत्रण खोया और कार डिवाइडर में जा घुसी। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। कार में सवार युवकों को लोगों ने बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उधर, पुलिस ने कार को क्रेन की मदद से थाने पहुंचाया, ताकि जाम न लगे।
ओवरलोडिंग के चलते रिक्शा पलटा, तीन घायल
आज सुबह गोपुर चौराहे पर एक ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें उसमें सवार तीन लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चोइथराम मंडी से रिक्शा में सब्जी भरकर लाई जा रही थी। सब्जी ओवरलोड होने के चलते रिक्शा सडक़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार तीन लोग घायल हुए हैं। मौके पर जमा भीड़ ने रिक्शा को सीधा कर सडक़ से हटाया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved