
इंदौर। कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने इंदौर में सोमवार को एक सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं (BJP workers.) को संबोधित करते हुए कथित लव जिहाद की घटनाओं (love jihad) पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने ढेर सारी चुनौतियां हैं। हमको चुनाव जीतना ही नहीं, समाज की विकृतियों पर भी ध्यान देना होगा। इन सामाजिक विकृतियों में लव जिहाद भी शामिल है। भाजपा कार्यकर्ताओं को इस दिशा में तेजी से काम करना होगा। यदि हमारे रहते हुए ऐसी ताकतें शहर में बढ़ें तो हमें शर्म से डूब मरना चाहिए।
कैलाश विजयवर्गीय ने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को लव जिहाद की घटनाओं पर नजर रखना होगा। इंदौर और प्रदेश के सारे भाजपा कार्यकर्ता इसे चुनौती की तरह लें। भाजपा कार्यकर्ता इसे चुनौती के रूप में लें कि यदि हमारे शहर में इस प्रकार की घटना होगी तो ऐसा सबक सिखाएंगे कि लोग याद रखें कि इस प्रकार का काम नहीं करना है।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को इस बात पर भी ध्यान देना होगा कि प्रदेश सरकार और केंद्र की योजनाएं अपने क्षेत्र में जहां पहुंचनी चाहिए, वहां ये योजनाएं पहुंचें। विजयवर्गीय ने एक भाजपा कार्यकर्ता के काम का हवाला देते हुए कहा कि उस कार्यकर्ता ने हर घर जा कर पता करता था कि किसका आयुष्मान कार्ड नहीं बना? किसका राशन कार्ड नहीं बना? उसने अपने इलाके के सभी लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचवाया था।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने इलाकों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाना चाहिए। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं को लगातार लोगों से संपर्क करते रहना है और इस तरह से अपने अपने पोलिंग बूथों को मजबूत करना है। इस तरह जब पोलिंग बूथ मजबूत होते हैं तो चुनाव बहुत आसान हो जाता है।
वहीं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मैं एक आदिवासी अंचल का छोटा सा कार्यकर्ता हूं। मुझे प्रदेश में कई बार बड़े-बड़े दायित्व मिले। मैं कोशिश करता हूं अपने आप को हाइलाइट करने की बजाए पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन करूं। पीछे रहकर पार्टी को मजबूत करूं। यही मेरी सोच है, मैं आपसे भी ऐसी ही उम्मीद करता हूं।
हेमंत खंडेलवाल ने आगे कहा कि मैं कार्यकर्ता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष बना हूं। हम कितने भी बड़े पद पर जाएं, हमारा कार्यकर्ता भाव बरकरार रहना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष का पद ऐसा नहीं है जिस पर गर्व किया जाए। यह एक दायित्व है। भाजपा में कार्यकर्ता का होना ही सबसे बड़ी बात है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved