कीव। विश्व के सबसे बड़े कच्चे तेल निर्यातक रूस की रिफाइनरियों (Refineries of Russia) पर यूक्रेन (Ukraine) ने ड्रोन हमला किया। यूक्रेन (Ukraine) ने शनिवार देर रात 361 ड्रोनों (Drones) के साथ रूस पर बड़ा हमला बोला। इस हमले में रूस के उत्तर-पश्चिम में स्थित विशाल किरिशी तेल रिफाइनरी में आग लग गई। रविवार को रूसी अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने बताया कि घटनास्थल पर विस्फोट और आग लगने की खबर मिली। उन्होंने एक तस्वीर साझा की, जिसमें रात के समय आसमान में आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दिख रहा है।
रूसी अधिकारियों ने बताया कि रूस की दो प्रमुख रिफाइनरियों में से एक किरिशी तेल रिफाइनरी, यूक्रेनी ड्रोनों के हमले का निशाना थी। लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज्डेंको ने बताया कि किरिशी क्षेत्र में तीन ड्रोन नष्ट किए गए और मलबे से लगी आग को बुझा दिया गया। उन्होंने कहा कि कोई हताहत नहीं हुआ।
गौरतलब है कि अमेरिका ने रूस के राजस्व को कम करने और यूक्रेन के साथ युद्ध को समाप्त करने में मदद के लिए रूस पर ऊर्जा प्रतिबंधों को और सख्त करने के लिए नाटो देशों पर दबाव बढ़ाया है। ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अमेरिका रूस पर नए ऊर्जा प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार है, लेकिन यह तभी संभव होगा जब सभी नाटो देश रूसी तेल खरीदना बंद करें और समान उपाय लागू करें।
यूरोपीय संघ ने पिछले सप्ताह 2028 तक रूसी तेल और गैस आयात को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की समय-सीमा तय की थी, जबकि अमेरिका इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के लिए दबाव डाल रहा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved