मुंबई। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक विनोद कापड़ी (Vinod Kapri) की फिल्म पायर इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतिहास रच रही है। यूरोप में शानदार सफलता के बाद अब अमेरिका (US) में भी पायर ने अपना परचम लहराया है। सिर्फ तीन हफ्तों में फिल्म ने अमेरिका में चार प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतकर भारतीय सिनेमा की नई पहचान बनाई है।
फिल्म की ताजा उपलब्धि शिकागो से आई है, जहां 16वें शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल में पायर को बेस्ट फिल्म ऑडियंस अवॉर्ड से नवाजा गया। दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी ने विनोद कापड़ी को यह अवॉर्ड प्रदान किया। उनके साथ मशहूर अभिनेता प्रतीक गांधी भी मौजूद रहे।
क्या है फिल्म की कहानी?
पायर की कहानी एक बुजुर्ग दंपति पदम और तुलसी के इर्द-गिर्द घूमती है। वे हिमालय के एक सुदूर गांव में रहते हैं। दंपति को चिंता है कि उनके अंतिम संस्कार का क्या होगा? तभी अकेलेपन में जी रहे दंपति को 30 साल बाद अपने बेटे का पत्र मिलता है, जो उनके जीवन में नई उम्मीद जगाता है।
पायर की स्टार कास्ट
फिल्म के मुख्य कलाकार गैर-पेशेवर अभिनेता पदम सिंह और हीरा देवी हैं। उनकी सहज अदाकारी ने दर्शकों को भावुक कर दिया। फिल्म की टीम में संगीतकार माइकल डन्ना और अमृता वाज, संपादक पेट्रीसिया रोमेल और सुभाजीत सिंहा,गीतकार एवं कवि गुलजार और निर्माता विनोद कापड़ी और साक्षी जोशी शामिल हैं।
टालिन से न्यूयॉर्क तक का सफर
पायर का विश्व प्रीमियर पिछले साल नवंबर में 28वें टालिन ब्लैक नाइट्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में किया गया था। मुख्य प्रतियोगिता में चुने जाने वाली यह एकमात्र भारतीय फिल्म थी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved