
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (American President Donald Trump) हाल के दिनों में दुनियाभर में सुर्खियों में छाए रहे हैं। वह कभी गाजा में जंग (Gaza War) को रुकवाने और वहां शांति स्थापना के लिए 20 सूत्री प्लान के लिए तो कभी यूक्रेन जंग रुकवाने के लिए रूस पर भारी दबाव बनाते दिखे हैं। इसके अलावा दुनियाभर के देशों पर भारी भरकम टैरिफ (Heavy tariffs) लगाने और भारत-पाक के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का दावा करने के लिए भी वह चर्चा में रहे हैं लेकिन अब वह नए कारणों से फिर चर्चा में आए हैं। दरअसल, उन्हें अब अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में हार का खतरा सताने लगा है।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि वे 2026 के मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के खराब प्रदर्शन की आशंका से चिंतित हैं। राष्ट्रपति ट्रंप का बयान उनकी राजनीतिक कमजोरी का एक दुर्लभ लेकिन बड़ा संकेत है क्योंकि सरकारी शटडाउन की वजह से उनकी सरकार पर जोखिम लगातार बढ़ता जा रहा है। ट्रंप ने इससे पहले अपनी या अपनी पार्टी की राजनीतिक संभावनाओं को लेकर शायद ही कभी ऐसी बेचैनी जाहिर की हो लेकिन 2026 के मध्यावधि चुनावों की वजह से वह चिंतित नजर आ रहे हैं। उन्हें डर है कि अगले साल मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट्स हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव और सीनेट में फिर से कब्ज़ा जमा लेंगे।
1938 से अब तक सिर्फ दो बार ही…
उन्हें इस बात की भी चिंता सता रही है कि ऐतिहासिक रूप से, वाइट हाउस में सत्ताधारी दलों को मध्यावधि चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। 1938 के बाद से अब तक हुए कुल 22 मध्यावधि चुनावों में से 20 बार सत्ताधारी दलों को हार का स्वाद चखना पड़ा है। सिर्फ 1998 और 2002 इसके अपवाद रहे हैं। 1998 में बिल क्लिंटन को रिपब्लिकन पार्टी ने महाभियोग लाकर हटाने की नाकाम कोशिश की थी, तब मध्यावधि चुनाव में क्लिंटन की पार्टी की जीत हुई थी। इसी तरह 2002 में जब 9/11 का आतंकी हमला हुआ, तब राष्ट्रपति जॉर्ड डब्ल्यू बुश ने भी मध्यावधि चुनाव में जीत हासिल की थी।
हालिया सर्वेक्षणों ने बढ़ाई चिंता
बड़ी बात यह है कि उनका यह बयान ऐसे वक्त में आया है,जब हालिया सर्वेक्षणों से पता चला है कि ट्रम्प की लोकप्रियता उनके दूसरे प्रशासन की शुरुआत के बाद तेजी से गिरती जा रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, हालिया सर्वेक्षणों से पता चला है कि ट्रम्प की लोकप्रियता उनके दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद से तेजी गिरी है। इसकी वजह से डेमोक्रेटिक पार्टी को 2018 जैसी बढ़त मिलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
ट्रंप की रेटिंग भी गिरी
रिपोर्ट के मुताबिक, वोट हब पोलिंग ट्रैकर के सर्वे में दिखाया गया है कि दूसरे कार्यकाल में ट्रंप की अनुमोदन रेटिंग (Approval Rating) गिरकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुँच गई है। ट्रैकर के अनुसार, 30 सितंबर को ट्रंप की अनुमोदन रेटिंग 10 अंक पर पहुँच गई थी। उनके समर्थकों में भी भारी गिरावट आई है। सिर्फ 43 फीसदी लोगों ने ट्रंप के पक्ष में जबकि 53 फीसदी ने उनके खिलाफ अपनी राय जाहिर की। जब अमेरिका में शटडाउन हुआ तो ट्रंप के खिलाफ लोगों की नाराजगी में और इजाफा हो गया। सर्वे के मुताबिक, 2 अक्टूबर तक उनकी अनुमोदन रेटिंग गिरकर 9 अंक पर पहुंच गई है और इसमें तेजी से गिरावट देखी जा रही है।
मध्यावधि चुनाव क्यों और कब?
बता दें कि अमेरिका में मध्यावधि चुनाव राष्ट्रपति चुनाव के दो वर्ष बाद यानी अमेरिकी राष्ट्रपति के चार वर्ष के कार्यकाल के मध्य में होते रहे हैं । इसमें आमतौर पर, 100 सदस्यीय अमेरिकी सीनेट की लगभग एक तिहाई सीटों के साथ-साथ अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों के लिए भी चुनाव होता है। अगले साल नवंबर के पहले हफ्ते में ये चुनाव होने हैं।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved