
इंदौर, राजेश ज्वेल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर इस बार कल 5 अक्टूबर को विशेष पथ संचलन आयोजित किया गया है। इंदौर में 34 स्थानों से निकलने वाले इस पथ संचलन में 2 लाख से अधिक स्वयंसेवक शामिल रहेंगे। कुछ स्थानों से सुबह 8 से साढ़े 8 के बीच और अन्य स्थानों पर दोपहर 4 बजे बाद संचलन आयोजित किए गए हैं। शताब्दी वर्ष में निकलने वाले इस पथ संचलन को लेकर स्वयंसेवकों के साथ-साथ आम नागरिकों में भी विशेष उत्साह देखा गया और यही कारण है कि गणवेश की मांग इतनी अधिक आई कि आपूर्ति का टोटा पड़ गया।
देशभर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है और इस सिलसिले में कई आयोजन भी हुए हैं और अब कल रविवार को विशाल पथ संचलन आयोजित किया गया है। बीते कई दिनों से संघ के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से सम्पर्क किया और उन्हें इस पथ संचलन में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। अनुशासित स्वयंसेवक एक साथ कदमताल करते इस पथ संचलन में शामिल होंगे और इंदौर में ही 2 लाख से अधिक स्वयंसेवक जुट रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस बार के आयोजन में संघ से जुड़े स्वयंसेवक तो शामिल होंगे ही, वहीं उद्योगपति, समाजसेवी, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, आईटी सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े पेशेवर भी शामिल होंगे।
यह अब तक का सबसे बड़ा पथ संचलन रहेगा। घरों की छतों, मंचों से भी स्वयंसेवकों का स्वागत होगा और सभी स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में रहेंगे। संचलन के मार्ग को भगवा ध्वजों से सजाया जा रहा है और यातायात कहीं पर भी बाधित ना हो, इसकी भी विशेष योजना बनाई गई है। पुलिस प्रशासन की मदद से भी स्वयंसेवकों द्वारा अनुशासित तरीके से इस आयोजन को किया जाएगा। बड़ी संख्या में महिलाएं भी इसमें शामिल होंगी। पुष्प वर्षा, आरती भी उतारी जाएगी। अखिल भारतीय सह सर कार्यवाह अरुण कुमार इंदौर के इस पथ संचलन में शामिल होंगे। वे कनाडिय़ा क्षेत्र के पथ संचलन में मौजूद रहेंगे।
इंदौर के सभी भाजपा के पदाधिकारी, नेता, कार्यकर्ता सहित सांसद, विधायक, मंत्री भी इस आयोजन से जुड़ेंगे। संघ के प्रचारक प्रांजल शुक्ला के मुताबिक, आज शाम को 5 बजे धीरूभाई अम्बानी सभागृह डेली कॉलेज में सुमधुर संगीत संध्या का आयोजन भी किया गया है, जिसमें संघ के गौरवशाली 100 वर्षों की यात्रा पर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र साधना से जुड़े गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस आयोजन के संयोजक सिद्धार्थ सिंह और डेली कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गुनमित बिंद्रा ने इस संगीतमय प्रस्तुति के लिए सहपरिवार लोगों को आमंत्रित किया है। इस कार्यक्रम में अरुण कुमार का उद्बोधन भी रहेगा। इस बार के पथ संचलन को लेकर इतना उत्साह है कि गणवेश आपूर्ति ही मांग के मुताबिक नहीं की जा सकी। डेढ़ लाख से अधिक गणवेश इंदौर में ही अब तक बंट गई है और लगातार शहरभर से मांग आ रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved