
नई दिल्ली । हाल के दिनों में भारत (India) के पड़ोसी देशों में भूकंप (Earthquake) का सिलसिला लगातार जारी है। पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश (Pakistan and Bangladesh) की सीमा से सटे इलाकों में भूकंप के बाद अब म्यांमार में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। सोमवार शाम को म्यांमार में 3.8 तीव्रता का भूकंप आया है। शुरुआती डेटा के मुताबिक, शाम के लगभग साढ़े 5 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ताजा भूकंप की जानकारी दी है। एजेंसी ने बताया कि भूकंप का सेंटर 139 किलोमीटर की गहराई पर था। बता दें कि म्यांमार की धरती इससे पहले भी हिली थी। 16 नवंबर को म्यांमार में 3.5 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया था। वहीं रविवार दोपहर को भारत के एक अन्य पड़ोसी देश, भूटान में भी 3.9 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया था।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार (21 नवंबर) को भारत के दो अन्य पड़ोसी देशों पाकिस्तान और बांग्लादेश में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर शुक्रवार को पाकिस्तान में आए भूकंप की तीव्रता 5.2 थी। भूकंप के झटके अफगानिस्तान में महसूस किए गए थे। वहीं बांग्लादेश में शुक्रवार सुबह 5.7 तीव्रता का तेज भूकंप आया था, जिसके झटके भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में भी महसूस किए गए। इस दौरान कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved