
इंदौर। क्राइम ब्रांच (Crime Branch) ने नकली नोट (Fake Notes) छापने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार (Arrest) किया है। उसके पास से 500 रुपए के 45 नकली नोट और प्रिंटर जब्त हुआ है, जबकि पुलिस पहले दो लाख के नकली नोट के साथ गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। क्राइम ब्रांच ने कुछ दिन पहले सदर बाजार क्षेत्र से नकली नोट की खेप के साथ ऋषिकेश तोंडे, वंश कैथवास, रितेश नागर और अंकुश यादव को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने इनके पास से 500 के दो लाख रुपए मूल्य के नकली नोट जब्त किए थे। इन लोगों ने पूछताछ में अंकित बौरासी निवासी बाणगंगा से यह नोट लाना बताया था। डीसीपी क्राइम राजेशकुमार त्रिपाठी ने बताया कि आज पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से प्रिंटर और नकली नोट छापने के केमिकल बरामद किए हैं। उसके पास से 500 के 45 नकली नोट जब्त हुए हैं, जिसकी कीमत 22500 रुपए है। पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिल सके। बताते है कि इन लोगों ने जल्द अमीर बनने के चक्कर में आधे दाम में यह नकली नोट खरीदे थे। इन लोगों ने इस बात का भी ध्यान रखा था कि एक ही सीरिज के होने से वे पकड़े जा सकते हैं। इसके चलते इन लोगों ने चार सीरिज के नकली 500 के नोट छापे थे। ये सभी आरोपी प्रायवेट जॉब करते हैं और इन लोगां ने इंस्टाग्राम पर रील देखकर ये नोट छापे थे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved