
तिरुवनंतपुरम। केरल (Kerala) में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (Community Health Centers) में काम के घंटे सुबह नौ बजे से लेकर शाम छह बजे तक बढ़ाने के राज्य सरकार (State Goverment) के फैसले से सरकारी डॉक्टरों (Doctors) ने नाराजगी जताई है। केरल के सरकारी डॉक्टरों के संगठन केरल गवर्नमेंट मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (KGMOA) ने कहा कि इस कदम से डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर बोझ पड़ेगा, जो पहले से ही ज्यादा काम कर रहे हैं। संगठन ने स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की संख्या बढ़ाने की मांग की।
एसोसिएशन ने केरल सरकार के इस फैसले को अव्यावहारिक और अन्यायपूर्ण बताया, साथ ही कहा कि यह फैसला जमीनी हकीकत को ध्यान में रखे बिना लिया गया है। KGMOA ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परिवार स्वास्थ्य केंद्रों से बहुत अलग परिस्थितियों में काम करते हैं और उनकी ज़िम्मेदारियां भी ज्यादा होती हैं। एसोसिएशन ने कहा कि बेहद कम स्टाफ संख्या पर मौजूदा सरकारी नियमों का पालन नहीं किया जा सकता और हाल के वर्षों में स्वास्थ्य केंद्रों में कोई नई पोस्ट भी नहीं बनाई गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved