
भोपाल। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड (Madhya Pradesh Tourism Board) द्वारा शुक्रवार को राष्ट्रीय पुरस्कार (National Award) से सम्मानित शिल्पकार बलदेव वाघमारे (Sculptor Baldev Waghmare) का सम्मान किया गया। अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेड़ेकर (Abhay Arvind Bedekar) ने अंगवस्त्रम पहनाकर वाघमारे का सम्मान किया।
इस अवसर पर अपर प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड डॉ. अभय बेडेकर ने कहा कि वाघमारे जैसे शिल्पकार मध्य प्रदेश की समृद्ध पारंपरिक शिल्प विरासत के सशक्त संवाहक और पहचान हैं। वाघमारे का यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के हस्तशिल्प क्षेत्र को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। वे भविष्य में भी अन्य शिल्पकारों के साथ मिलकर पारंपरिक हस्तशिल्प को संरक्षित, संवर्धित और नवाचार के साथ आगे बढ़ाते हुए इसे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि वाघमारे को वर्ष 2024 का राष्ट्रीय पुरस्कार दिनांक 9 दिसंबर 2025 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के भरेवा शिल्प (बेल मेटल शिल्प) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं पारंपरिक शिल्प कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रदान किया गया है। वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदत्त यह पुरस्कार केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, सचिव वस्त्र मंत्रालय नीलम शमी राव एवं विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) अमृत राज इस अवसर पर उपस्थित रहे।
यह पुरस्कार विशेष रूप से उल्लेखनीय है क्योंकि मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र राज्य से वर्ष 2024 में किसी शिल्पकार को दिया गया यह एकमात्र राष्ट्रीय पुरस्कार वाघमारे को प्राप्त हुआ है। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि मध्य प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा के लिए भी गर्व का विषय है।

©2025 Agnibaan , All Rights Reserved