
पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) ने सुशील कुमार मोदी की प्रतिमा का अनावरण किया (Unveiled the statue of Sushil Kumar Modi) ।
बिहार में सोमवार को पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. सुशील कुमार मोदी की जयंती पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के राजेंद्र नगर पहुंचे। सीएम ने सुशील कुमार मोदी स्मृति पार्क में स्थापित सुशील कुमार मोदी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुशील मोदी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि सुशील मोदी ने बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और सादगी की मिसाल पेश की। उन्होंने बिहार की राजनीति को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और जनसेवा का प्रतीक रहा है, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि स्मृति पार्क उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक प्रयास है। यह पार्क आम लोगों को सुशील मोदी के जीवन और कार्यों से प्रेरणा देता रहेगा।
उद्घाटन समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी समेत नीतीश कुमार कैबिनेट के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गण्यमान लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुशील कुमार मोदी के सार्वजनिक जीवन, उनके योगदान और बिहार के विकास में उनकी भूमिका को याद किया गया।
इधर, राजधानी पटना के एसके मेमोरियल हॉल में स्व. सुशील मोदी की जयंती समारोह मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुशील मोदी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान सुशील मोदी के योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया। मुख्यमंत्री ने भी उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और उनके समर्थक मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved