नॉर्वे। नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मारिट (Crown Princess Mette-Marit) के बेटे मारियस बोर्ग होइबी (Marius Borg Høiby) की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बलात्कार (Rape) समेत कई गंभीर आरोपों के मुकदमे से ठीक पहले उन्हें नए आपराधिक मामलों में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उन्हें रविवार शाम हिरासत में लिया, जिससे उनके खिलाफ चल रही जांच और मुकदमे की गंभीरता और बढ़ गई है।
यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब होइबी के खिलाफ मुख्य मुकदमा मंगलवार से ओस्लो जिला अदालत में शुरू होने वाला है। इस मुकदमे में उन पर कुल 38 आरोप लगाए गए हैं, जिनमें चार बलात्कार के मामले, पूर्व साथियों के खिलाफ हिंसा, धमकी, नशीली दवाओं के कब्जे और अन्य अपराध शामिल हैं।
क्या हैं नए आरोप
ओस्लो पुलिस के मुताबिक, मारियस बोर्ग होइबी पर शारीरिक नुकसान पहुंचाने, चाकू दिखाकर धमकाने और अदालत द्वारा जारी निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने का संदेह है। पुलिस ने अदालत से उन्हें चार सप्ताह तक न्यायिक हिरासत में रखने की मांग की है, यह कहते हुए कि उनके दोबारा अपराध करने का खतरा बना हुआ है।
इन नए आरोपों के चलते होइबी को पहले से दर्ज मामलों के अलावा अतिरिक्त आपराधिक प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, उनके वकील के अनुसार होइबी ने बलात्कार और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर आरोपों से इनकार किया है। यदि अदालत में आरोप साबित हो जाते हैं, तो उन्हें अधिकतम 10 साल तक की सजा हो सकती है।
19 मार्च तक चल सकता है मुकदमा
मुख्य मुकदमे की सुनवाई 19 मार्च तक चलने की संभावना है। नए मामलों में गिरफ्तारी ने न केवल इस हाई-प्रोफाइल केस को और संवेदनशील बना दिया है, बल्कि नॉर्वे के शाही परिवार से जुड़े इस मामले पर देश-विदेश में निगाहें भी टिका दी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved