
डेस्क: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने एक बड़ा फैसला लिया है. बोर्ड ने पूर्व नेशनल प्लेयर और पूर्व सेलेक्टर मंजूरुल इस्लाम पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है. महिला क्रिकेटर के साथ गलत व्यवहार के चलते पर उन पर ये एक्शन हुआ है. बोर्ड ने उन्हें भविष्य में किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष क्रिकेट गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया है.
वहीं मानसिक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए महिला क्रिकेटर जहानारा आलम ने फिलहाल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और दिसंबर 2024 के बाद से उन्होंने बांग्लादेश के लिए कोई मैच नहीं खेला है. बताया जाता है कि जहानारा ने इस पूरे मामले में BCB के दो अन्य अधिकारी नादेल चौधरी और निजामुद्दीन चौधरी का भी नाम लिया था. जहानारा ने आरोप लगाया था कि उन्होंने इन दोनों अधिकारियों से मंजूरुल इस्लाम की शिकायत की थी. लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी.
बांग्लादेश महिला टीम की पूर्व कप्तान जहानारा आलम ने 2022 में महिला विश्व कप के दौरान मंजूरुल इस्लाम पर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे. आलम ने आरोप लगाया था कि इस्लाम ने उनके साथ गलत व्यवहार और यौन उत्पीड़न किया था. मामला मीडिया में आने के बाद बांग्लादेश में बवाल मच गया. आनन-फानन में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया. इसके बाद आलम के आरोपों की गहनता से जांच की गई.
रिपोर्ट में समिति ने पाया कि तत्कालीन चयनकर्ता और मैनेजर मंजूरुल इस्लाम का आचरण पेशेवर मानकों के विपरीत और यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आता था. इसके आधार पर, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें भविष्य में किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष क्रिकेट गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया है. बताया जा रहा है कि मंजूरुल ने इस पूरे मामले को लेकर समिति के सामने माफी मांगी थी. इतना ही नहीं उन्होंने जहानारा आलम से भी संपर्क कर मामला सुलझाने की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी बात नहीं बन पाई.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने चयन समिति के अध्यक्ष गाजी अशरफ हुसैन के कार्यकाल को एक महीने के लिए बढ़ाने की भी घोषणा की है. अशरफ का कार्यकाल 28 फरवरी को समाप्त होने वाला था. BCB ने महिला बांग्लादेश प्रीमियर लीग के पहले सीजन के कार्यक्रम को भी मंजूरी दे दी है. टूर्नामेंट की शुरुआत 4 अप्रैल से होगी और फाइनल मुकाबला 14 अप्रैल को खेला जाएगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved