
नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने कहा कि उदय भानु चिब की गिरफ्तारी (Arrest of Uday Bhanu Chib) तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है (Is proof of Dictatorial Tendencies and Cowardice) । भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ‘शर्टलेस प्रोटेस्ट’ के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (युवा कांग्रेस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने निडर होकर देश के हित में आवाज़ उठाई है। अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा। उन्होंने आगे कहा, “इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और इंडियन यूथ कांग्रेस के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मज़बूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। डरो मत-सच और संविधान हमारे साथ हैं।”
दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के पीछे किस तरह की संगठित योजना थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। इससे पहले सोमवार को आरोपियों जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर व अजय कुमार सहित अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि एआई समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर हंगामे के बाद पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग करने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। अब तक इस प्रकरण में कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें उदय भानु चिब भी शामिल हैं।
इससे पहले सोमवार को आरोपियों जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर व अजय कुमार को ग्वालियर सहित अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इनके खिलाफ तिलक मार्ग थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने के लिए क्यूआर कोड प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। आरोपियों ने पहले काले रंग की छतरियों पर स्टिकर चिपकाकर उन्हें चुपके से भारत मंडपम में ले जाने की योजना बनाई थी। इसके बाद उन्हें लगा कि काले छाते प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों का ध्यान आकर्षित करेंगे, मगर उन्होंने अपनी योजना बदल दी और टी-शर्ट पर छपे स्टिकर लगवाकर उन्हें अपनी कमीज के नीचे पहन लिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved