
भोपाल । कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Congress leader Rahul Gandhi) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करके दिखाएं (Should Cancel the India-US Trade Deal) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित कांग्रेस की ‘किसान महा चौपाल’ में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरा और पीएम नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए ।
यह कार्यक्रम भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा, “मैं चैलेंज करता हूं नरेंद्र मोदी को कि आप हिंदुस्तान और यूएस की डील को रद्द करके दिखा दीजिए… ये नहीं कर सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “बीजेपी के कार्यकर्ताओं, मैं आपको बता रहा हूं ये नहीं कर सकते हैं, क्योंकि इन पर अमेरिका और ट्रंप का दबाव है… क्योंकि एपस्टीन की धमकी है और अडानी का क्रिमिनल केस उनके सिर के ऊपर लटका हुआ है… हिंदुस्तान को धोखा दिया है, ये सच्चाई है।”
राहुल गांधी ने यह भी कहा, “सिर्फ किसानों को नहीं, 21 वीं सदी में सबसे जरूरी चीज 21वीं सदी डेटा की सेंचुरी है। जिसके पास डेटा है वो जीतेगा, जिसके पास डेटा नहीं है, वो खत्म हो जाएगा ।” उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा डेटा हिंदुस्तान के पास है। सबसे बड़ी आबादी है, सबसे ज्यादा डेटा यहां बनता है, दूसरे नंबर पर चीन है। हिंदुस्तान के डेटा के बिना चीन का मुकाबला अमेरिका नहीं कर सकता है। इस डील में पीएम मोदी ने भारत का सारा डेटा अमेरिका के हवाले कर दिया है। किसानों को खत्म किया, भारत का डेटा दिया, टेक्सटाइल इंडस्ट्री को खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति का दावा है कि हर साल भारत को नौ लाख करोड़ रुपये का माल अमेरिका से खरीदेगा। हमारी इंडस्ट्री का क्या होगा? पीएम मोदी ने सब दबाव में आकर दे दिया। अब हम पहले से ज्यादा टैक्स देंगे। हमें कोई इंपोर्ट की गारंटी नहीं दी। पीएम मोदी ने सब अमेरिका को बेच दिया। अगर उन पर दबाव नहीं होता, तो वो ये नहीं करते। ये उन्होंने अपनी छवि को बचाने और अपने सियासी भविष्य को बचाने के लिए किया है। वो बच नहीं सकते हैं, उनको कोई शक्ति नहीं बचा सकती है।
राहुल गांधी ने आगे कहा, “…अमेरिका कहता है कि हम बांग्लादेश को मदद करेंगे। उन्हें हम टेक्सटाइल में जीरो टैरिफ लगाएंगे। हिंदुस्तान का मंत्री कहता है कि अगर भारत अमेरिका से कपास खरीदेगा तो हमारे ऊपर भी टैक्स जीरो। हम अमेरिका से कपास नहीं खरीदते हैं, कपास हमारे यहां उगाया जाएगा। हमारी पूरी कपास की इंडस्ट्री खत्म हो जाएगी।”
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने संसद में पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की किताब पर चर्चा करनी चाही, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि किताब में जिक्र है कि चीन के टैंक भारतीय सीमा की ओर बढ़ रहे थे। राहुल गांधी के अनुसार, उस समय नरवणे ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर आदेश मांगे, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने आगे कहा कि नरवणे ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी संपर्क किया, लेकिन प्रतिक्रिया नहीं मिली। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि करीब दो घंटे बाद नरवणे ने फिर रक्षा मंत्री से बात की और प्रधानमंत्री से संपर्क करने को कहा। उनके अनुसार, सीधे बात किए बिना संदेश भेजा गया कि ‘जो उचित समझो, वो करो।’ राहुल गांधी ने दावा किया कि किताब के अनुसार उस दिन सरकार ने सेना को अकेला छोड़ दिया।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद परंपरा के अनुसार नेता प्रतिपक्ष को बोलने का अवसर मिलता है, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। सभा के दौरान राहुल गांधी ने देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में 22 फरवरी को हुई घटना देश में महिलाओं, खासकर पूर्वोत्तर की महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है। उन्होंने बताया कि नागालैंड की एक महिला डॉक्टर का पीछा किया गया, उसे टिप्पणियों का सामना करना पड़ा और कथित रूप से दुष्कर्म किया गया। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में बढ़ती असहिष्णुता और असुरक्षा को दर्शाती हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved