
नई दिल्ली। कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री(Kannada film industry) से एक चौंकाने वाली खबर (Shocking news)सामने आई है। फिल्म डायरेक्टर अनीश के कथित अपहरण, मारपीट और जबरन वसूली के मामले में पुलिस ने कन्नड़ अभिनेत्री ऐश्वर्या (Kannada actress Aishwarya)सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बेंगलुरु के अदुगोडी पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के आधार पर की गई है। आरोपियों के खिलाफ अपहरण, हमला, लूट और जबरन वसूली जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटना ने फिल्म जगत में हलचल मचा दी है।
कौन हैं डायरेक्टर अनीश?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनीश कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े डायरेक्टर हैं और मॉडलिंग व कास्टिंग एजेंसी भी संचालित करते हैं। बताया जा रहा है कि वह ‘जीवनदा भाषा’ नामक फिल्म का निर्देशन कर रहे थे। 9 फरवरी को वह बेंगलुरु में थे, जहां से यह पूरा घटनाक्रम शुरू हुआ।
कार बेचने के बहाने बुलाया, फिर किया हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, अनीश को बताया गया कि एक व्यक्ति उनकी कार खरीदने में दिलचस्पी रखता है। इस बहाने उन्हें शहर से दूर एक स्थान पर बुलाया गया। वहां पहुंचते ही कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन्हें बंधक बना लिया और बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने एक पुराने फाइनेंस विवाद में दर्ज शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव डाला। यह विवाद फिल्म निवेश से जुड़ा बताया जा रहा है।
आरोपियों ने कथित तौर पर अनीश के सोने के आभूषण छीन लिए और एटीएम से जबरन पैसे निकलवाए। गंभीर चोटों के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुरानी जान-पहचान और पैसों का विवाद
जांच में सामने आया कि यह मामला वर्ष 2024 के एक आर्थिक लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। शिकायत के अनुसार, अनीश की पहचान आशी उर्फ आशीर्वाद नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने उनसे ढाई लाख रुपये उधार लिए थे। जब अनीश ने रकम वापस मांगी, तो कथित तौर पर उसे धमकियां दी गईं। मामला पुलिस तक पहुंचा था और इसी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है।
ऐश्वर्या की एंट्री कैसे हुई?
पुलिस के अनुसार, जब अनीश अपनी कार बेचना चाहते थे, तब अभिनेत्री ऐश्वर्या से उनका संपर्क हुआ। ऐश्वर्या ने कथित तौर पर शाहिद नामक व्यक्ति को खरीदार बताकर उनसे मिलवाया। 8 फरवरी को अनीश बेंगलुरु पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि वह डेढ़ लाख रुपये शाहिद के भाई के घर से प्राप्त कर लें। आरोप है कि जैसे ही वह घर के अंदर पहुंचे, दरवाजा बंद कर दिया गया और फिर उन पर हमला किया गया।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved