
डेस्क: साउथ फिल्मों के बड़े सुपरस्टार थलपति विजय की फिल्म जन नायकन उनकी आखिरी फिल्म मानी जा रही है. इस फिल्म को लेकर खुद थलपति विजय तो भावुक हैं ही साथ ही मूवी को लेकर फैंस भी काफी इमोशनल हैं. लेकिन इस फिल्म के साथ कुछ भी अच्छा होता नजर नहीं आ रहा है. पहले ये फिल्म जनवरी 2026 को रिलीज के लिए तैयार थी. लेकिन इसके बाद फिल्म कानूनी पचड़े में फंस गई और इसके बाद से तो फिल्म को लेकर लगातार डिले देखने को मिल रहा है. किसी ना किसी वजह से इस फिल्म की रिलीज टलती ही जा रही है.
पहले सेंसर बोर्ड की वजह से फिल्म को रिजेक्शन झेलना पड़ा इसके बाद फिल्म में जब निर्देशों के अनुसार कट्स किए गए तो उस दौरान भी फिल्म को रीचेक के लिए समय लगा. उसके बाद धुरंधर 2 की रिलीज को मद्देनजर भी इस फिल्म के सिनेमाघरों में आगमन को आगे के लिए टाल दिया गया. वहीं दूसरी तरफ अब रिपोर्ट्स में ये सामने आ रहा है कि धुरंधर 2 नहीं बल्कि दो अन्य फिल्मों की वजह से इसकी रिलीज को टाला जा रहा है. अगर ऐसा सच होता है तो फैंस को फिल्म के लिए और भी इंतजार करना पड़ सकता है. बता रहे हैं कि इस फिल्म की रिलीज में वो कौन सी फिल्में हैं जो इसके रास्ते का कांटा बनी हैं और अब इस फिल्म को कबतक रिलीज किया जा सकता है.
रिपोर्ट्स की मानें तो जिस प्रोडक्शन हाउस के तहत जन नायकन फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं रिलीज किया जा रहा है वो उसका खुद का प्रोडक्शन हाउस है. दरअसल केवीएन प्रोडक्शन हाउस के तहत अब तक 2 फिल्में आई हैं. इसमें सख्त और बाई टू लव नाम की फिल्म का नाम शामिल है. वहीं अब इस प्रोडक्शन हाउस के तहत 3 फिल्में रिलीज के लिए पाइपलाइन में हैं. इन फिल्मों में एक फिल्म जन नायकन भी है. लेकिन मेकर्स पहले इस फिल्म की जगह बाकी दो फिल्मों को पहले रिलीज करना चाह रहे हैं.
फिलहाल गीतू मोहनदास की फिल्म टॉक्सिक 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म में यश लीड रोल में हैं. पहले ये फिल्म धुरंधर 2 के साथ रिलीज होने वाली थी लेकिन बाद में इसकी रिलीज को इस दिन के लिए शिफ्ट कर दिया गया. वहीं दूसरी तरफ प्रेम के निर्देशन में बन रही संजय दत्त की फिल्म केडी द डेविल भी सिनेमाघरों में 30 अप्रैल 2026 को रिलीज की राह देख रही है. ये फिल्म भी केवीएन प्रोडक्शन हाउस की ही है. ऐसे में इन दोनों फिल्मों की रिलीज के बाद ही अब थलपति विजय की जन नायकन आ सकती है.
जन नायकन को लेकर अब दो तरह की संभावनाएं नजर आ रही है. जहां एक तरफ ऐसा माना जा रहा है कि इस फिल्म को अब थलपति विजय के जन्मदिन के दिन लाया जा सकता है जो 22 जून को होगा. अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर फिल्म को जुलाई 2026 तक भी लाया जा सकता है. अब देखने वाली बात होगी कि मेकर्स इसपर ऑफिशियल अनाउंसमेंट कब तक करते हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved