
कोलकाता। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर आईपीएल 2026 में आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में जुर्माना लगाया गया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान गुस्से में विकेट की गिल्लियां जोर से गिराना उन्हें भारी पड़ गया। आईपीएल की ओर से जारी बयान के अनुसार हार्दिक पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।
यह घटना दूसरी पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद के बाद हुई। हार्दिक पांड्या अपने रन-अप की ओर लौट रहे थे, तभी उन्होंने गुस्से में विकेट की गिल्लियों को जोर से गिरा दिया। आईपीएल ने अपने बयान में कहा, ‘हार्दिक पांड्या आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन के दोषी पाए गए, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, ग्राउंड इक्विपमेंट या फिटिंग्स के दुरुपयोग से संबंधित है।’
आईपीएल के मुताबिक, हार्दिक पांड्या ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को मान लिया है। नियमों के अनुसार, अगर किसी खिलाड़ी के चार से सात डिमेरिट प्वाइंट हो जाते हैं तो उसे एक मैच के लिए निलंबित किया जा सकता है। ऐसे में हार्दिक को आगे ध्यान रखना होगा।
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। पांच बार की चैंपियन टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। कोलकाता के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 147 रन बनाए थे, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स ने लक्ष्य को सात गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। हार्दिक पांड्या इस मैच में गेंद से भी प्रभाव नहीं छोड़ सके और दो ओवर में 13 रन देकर कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए। अब मुंबई इंडियंस अपना आखिरी लीग मुकाबला रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved