
नई दिल्ली. NEET पेपर लीक (Paper Leak) मामले से जुड़े विवाद को लेकर रक्षा मंत्री (Defence Minister) राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) के घर बड़ी बैठक चल रही है. सूत्रों के अनुसार, बैठक में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) , केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia), NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह और पीएमओ के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं.
सूत्रों का कहना है कि ये बैठक नीट-यूजी परीक्षा में पेपर लीक, ग्रेस मार्किंग विवाद और अन्य शिकायतों के समाधान पर विचार-विमर्श के लिए बुलाई गई है. बैठक में नीट परीक्षा की पारदर्शिता बढ़ाने, छात्रों की चिंताओं को दूर करने और आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है.
NTA के डायरेक्टर को किया तलब
विवाद के केंद्र में रही एजेंसी एनटीए (NTA) के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह को इस बैठक में विशेष रूप से तलब किया गया है. उनके साथ प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं जो परीक्षा के आयोजन में हुई गड़बड़ियों और शिकायतों पर सीधा फीडबैक ले रहे हैं.
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और शिक्षा मंत्रालय इस वक्त नीट विवाद से घिरा हुआ है. छात्रों के लगातार विरोध प्रदर्शन और विपक्ष की आलोचना के बीच केंद्र सरकार उच्च स्तर पर मामले की समीक्षा कर रही है.
अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार
नीट-यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसके बाद पेपर लीक के आरोपों के चलते परीक्षा रद्द कर दी गई है. CBI ने इस मामले की जांच में धीरे-धीरे पॉइंट्स को जोड़ रही है और अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें पुणे के केमिस्ट्री प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी (मास्टरमाइंड माना जा रहा है), लातूर के डॉक्टर मनोज शिरुरे, पुणे के फिजिक्स टीचर तेजस हर्षदकुमार शाह और अन्य शिक्षक एवं कोचिंग से जुड़े लोग शामिल हैं.
CBI के अनुसार, NTA से जुड़े कुछ लोगों ने अपनी पहुंच का दुरुपयोग कर प्रश्न लीक किए, जिन्हें आगे छात्रों और कोचिंग संचालकों तक पहुंचाया गया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved