
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सूबे की सरकार कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. इस बीच स्पेशल टास्क फोर्स को बड़ी कामयाबी मिली है.बंगाल STF ने खुफिया जानकारी के आधार पर उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों के कई इलाकों में छापेमारी की. इस दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किया है.
जानकारी के मुताबिक STF की टीम ने खुफिया इनपुट के आधार पर कुमराखाली के सरबेरिया बाजार, बसंती और संदेशखाली इलाकों में एक साथ बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया. इस ज्वाइंट ऑपरेशन में बसीरहाट पुलिस जिला बल और स्थानीय पुलिस का सहयोग रहा. बताया जा रहा है कि इन ठिकानों से भारी मात्रा में अवैध बंदूकें, पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए गए है, जिन्हें छिपाकर रखा गया था.
माना जा रहा है कि इन हथियारों को इलाके की शांति भंग करने और हिंसक वारदातों को अंजाम देने के मकसद से छिपाकर रखा गया था. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का इस्तेमाल कहां होना था, साथ ही इस पूरे सिंडिकेट के पीछे कौन सा बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है.
वहीं इस बड़ी सफलता पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य पुलिस की मुस्तैदी की जमकर सराहना की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. जिसमें उन्होंने कहा ‘पश्चिम बंगाल पुलिस को इस बड़ी सफलता के लिए हार्दिक बधाई.सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर, विशेष कार्य बल (STF) ने कुमराखाली, बसंती और संदेशखाली क्षेत्रों में सरबेरिया बाजार के पास कई स्थानों पर व्यापक छापेमारी की’.
सीएम ने कहा कि STF ने शांति भंग करने के उद्देश्य से छिपाए गए अवैध हथियारों और गोला-बारूद का भारी जखीरा सफलतापूर्वक जब्त किया है. उन्होंने कहा कि इस सफल अभियान के लिए वो डीजीपी, पश्चिम बंगाल पुलिस, एसटीएफ टीम और बसीरहाट पुलिस जिला कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और समन्वय की सराहना करते हैं.
इसके आगे शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की पिछली व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व शासन के दौरान ऐसे अवैध हथियारों को जमा किया गया और आम नागरिकों को डराने के लिए इनका उपयोग किया गया. उन्होंने कहा कि हिंसा की इस संस्कृति ने कई विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से अत्याचार के खिलाफ खड़े हुए समर्पित बीजेपी कार्यकर्ताओं की जान ले ली.
सीएम ने कहा कि ‘वो काले दिन अब खत्म हो चुके हैं. हमारी सरकार कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. हम पश्चिम बंगाल के कोने-कोने में अवैध हथियारों के हर एक टुकड़े का पता लगाने, उन्हें बरामद करने का प्रयास जारी रखेंगे. हमारे राज्य से आपराधिक गतिविधियों और राजनीतिक आतंकवाद का पूर्णतः खात्मा कर दिया जाएगा. बंगाल में शांति, सुरक्षा और लोकतंत्र की स्थापना होगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved