
नई दिल्ली। भारत के प्राइवेट स्पेस सेक्टर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण आने वाला है। स्काईरूट एयरोस्पेस (Skyroot Aerospace) के विक्रम-1 रॉकेट के 18 जुलाई को श्रीहरिकोटा से उड़ान भरने पर यह सिर्फ तकनीकी पेलोड ही नहीं ले जाएगा, बल्कि देश के लिए एक खास संदेश भी अंतरिक्ष तक पहुंचाएगा। इस रॉकेट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक हस्तलिखित पोस्टकार्ड भी भेजा जाएगा, जिस पर ‘वंदे मातरम्’ लिखा हुआ है। यह पोस्टकार्ड ‘मिशन आगमन’ का हिस्सा होगा। ‘मिशन आगमन’ स्काईरूट का पहला ऑर्बिटल लॉन्च मिशन है और यह भारतीय जमीन से किसी निजी कंपनी द्वारा विकसित रॉकेट को ऑर्बिट में पहुंचाने का पहला प्रयास होगा।
PM मोदी के संदेश के साथ स्काईरूट की टीम के सदस्यों, निवेशकों, नीति निर्माताओं, वैज्ञानिकों और दुनियाभर के शुभचिंतकों के हाथों से लिखे गए कई अन्य पोस्टकार्ड भी अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे। कंपनी का कहना है कि यह मिशन भारत के तेजी से बढ़ते अंतरिक्ष क्षेत्र और इसमें योगदान देने वाले लोगों को समर्पित है। इस मिशन की खास बात यह भी है कि इसमें वर्तमान और ISRO के पूर्व अध्यक्षों तथा भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों के हस्तलिखित पोस्टकार्ड भी शामिल होंगे। ये संदेश भारत की अंतरिक्ष यात्रा के कई दशकों के सफर को दर्शाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved