
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान युवाओं और छात्रों के मुद्दे पर जारी सियासी घमासान के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग देश के छात्रों और युवाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हथियार के रूप में कर रहे हैं। उन्होंने इसे छात्रों को भटकाने का एक असफल प्रयास करार दिया। राजनाथ सिंह ने विश्वास जताया कि भारत का समझदार युवा इन सभी कोशिशों को अच्छी तरह समझता है और वह विकास तथा राष्ट्र निर्माण का रास्ता ही चुनेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार छात्रों और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने तथा उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार युवाओं के प्रति संवेदनशील है और यह सुनिश्चित करेगी कि किसी के साथ, खासकर छात्रों के साथ कोई अन्याय न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता जनता के बीच बनावटी गुस्सा पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
संसद के मानसून सत्र का हवाला देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। इसके बावजूद विपक्ष संसद के बजाय सड़कों पर समाधान ढूंढने का अनुचित प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष वास्तव में गंभीर है, तो उसे सत्र में हंगामा करने के बजाय सदन के भीतर मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved