वाशिंगटन। अमेरिका के ओकलाहोमा राज्य (State of Oklahoma) में सामने आए एक बेहद गंभीर मामले में अदालत ने 34 वर्षीय महिला को अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ हुए यौन शोषण (Sexual abuse of a daughter) को बढ़ावा देने, उसे छिपाने और बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में दोषी ठहराया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, महिला ने अपनी बेटी के साथ हो रहे दुष्कर्म को रोकने के बजाय उसे छिपाने में मदद की। दोषी ठहराए जाने के बाद उसे उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।
इससे पहले खौफनाक वारदात को अंजाम देने के आरोप में महिला के 35 वर्षीय पति डस्टिन जोएल वॉकर को दोषी पाया गया था। डस्टिन ने इस साल की शुरुआत में अपनी बेटी के साथ घिनौने करतूतों के आरोपों को कबूल कर लिया था। इसके बाद अदालत ने उसे 42 साल की जेल और उसके बाद आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही उसे सेक्स ऑफेंडर भी घोषित कर दिया गया है।
कैसे हुआ खौफनाक घटना का पर्दाफाश?
एक रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में महिला की करतूतों का खुलासा तब हुआ जब अधिकारियों को पता चला कि 11 साल की बच्ची ने घर के अंदर ही बिना किसी मेडिकल जांच के एक बच्चे को जन्म दिया है। जांच में पाया गया कि बच्ची को एक साल से भी ज्यादा समय से किसी भी डॉक्टर के पास नहीं ले जाया गया था। वहीं DNA टेस्ट से यह बात साफ हो गई कि नवजात का पिता कोई और नहीं बल्कि खुद बच्ची का बाप था। जांच में खुलासा हुआ है कि बच्ची का करीब एक साल से शोषण हो रहा था। वहीं किसी को यह बात न चले इसीलिए मां-बाप ने उसे स्कूल से भी हटा लिया था।
गंदे घर में बिना पानी के रहते थे 6 बच्चे
धीरे-धीरे इस केस मे कई परतें खुलीं। जानकारी के मुताबिक, यह परिवार जिस घर में रहता था वहां की स्थिति बेहद दयनीय थी। कमरे गंदगी से भरे हुए थे। घर में छह बच्चे रहते थे, लेकिन पिछले 2 से 3 सालों से नल में पानी तक नहीं आ रहा था। घर में बच्ची की दादी भी रहती थी। उन्होंने दावा किया है कि उन्हें बच्ची से हुई हैवानियत का कोई अंदाजा नहीं था। हालांकि पुलिस ने उनके खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
फिलहाल यहां के मुस्कोगी काउंटी की जूरी ने 34 साल की आरोपी मां को बाल यौन शोषण को बढ़ावा देने और बच्चों के मामले में लापरवाही बरतने समेत छह मामलों में दोषी पाया है। इस मामले में फैसला सुनाने वाले जज भी दंपति के इस रूप को देखकर हैरान रह गए। उन्होंने कहा, “यह जानकर मेरा दिल दहल गया कि महज 11 साल की बच्ची ने बच्चे को जन्म दिया है… इस दौरान न तो उसे कोई मेडिकल सपोर्ट मिला और न ही उसके साथ कोई देखभाल करने वाला मौजूद था।” प्रशासन ने घर में मौजूद सभी बच्चों को अपने संरक्षण में ले लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved