
नई दिल्ली । विदेश मंत्री एस. जयशंकर (External Affairs Minister S. Jaishankar) ने उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन के साथ (With Uruguay’s Foreign Minister Mario Lubetkin) द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की (Discussed Bilateral Relations) । इस दौरान दोनों नेताओं के बीच व्यापार, संपर्क और संस्कृति सहित संबंधों को आगे बढ़ाने पर बातचीत हुई।
एस जयशंकर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, ”नई दिल्ली में उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन का स्वागत करके खुशी हुई। हमारी बातचीत भारत और उरुग्वे के रिश्तों को और मजबूत बनाने पर केंद्रित रही। खास तौर पर व्यापार, आपसी संपर्क और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर अच्छी चर्चा हुई। इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए दोनों देशों ने एक स्पष्ट और केंद्रित रोडमैप पर सहमति जताई।” जयशंकर ने बताया कि हम ‘कम्युनिटी ऑफ लैटिन अमेरिकन एंड कैरिबियन स्टेट्स’ (सेलाक) और ‘मर्कसोर’ (दक्षिण अमेरिकी व्यापार समूह) के साथ साझेदारी को और गहरा बनाने के लिए उरुग्वे के समर्थन की सराहना करते हैं।
उन्होंने बताया कि उरुग्वे ने इंटरनेशनल सोलर एलायंस के लिए अपना अनुसमर्थन-पत्र भी सौंपा, जिसका हम स्वागत करते हैं। उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचे। इस दौरान मंत्रालय की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। मंत्रालय ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ”उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन का हार्दिक स्वागत है। वे नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ‘कम्युनिटी ऑफ लैटिन अमेरिकन एंड कैरिबियन स्टेट्स’ (सेलाक) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भारत और सेलाक मिलकर व्यापार बढ़ाने, तकनीकी ज्ञान और नवाचार साझा करने तथा ग्लोबल साउथ के देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।”
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-ब्राजील संबंधों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र (यूएन), जी20 और अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) जैसे मंचों पर आपसी सहयोग पर चर्चा की। बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने मौजूदा वैश्विक राजनीतिक स्थिति और संवाद तथा कूटनीति को आगे बढ़ाने में ब्रिक्स 2026 की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया।
एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, “ब्रिक्स इंडिया 2026 के आज नई दिल्ली में शुरू होने के अवसर पर ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा से मिलकर खुशी हुई। हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की, जिसमें व्यापार और निवेश, रक्षा, ऊर्जा, कृषि तथा अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के विषय शामिल थे। संयुक्त राष्ट्र, जी20 और आईएमओ सहित विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर हमारे सहयोग पर भी बात हुई। साथ ही मौजूदा वैश्विक हालात और संवाद व कूटनीति को बढ़ावा देने में ब्रिक्स 2026 के महत्व पर विचारों का आदान-प्रदान किया।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved