
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शुक्रवार की शाम ये कार्रवाई की है। बता दें कि सीजेपी के सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दिपके ने दिल्ली के कनॉट प्लेस पर स्थित सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि, शुक्रवार को होने वाले इस प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने दिपके को प्रिवेंटिव कस्टडी में लिया है। उन्हें सेंट्रल पार्क जाने के दौरान हिरासत में लिया गया।
अभिजीत दिपके के घर जाकर दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को 2 नोटिस दिया था। एक नोटिस नई दिल्ली की तरफ से दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत दिया गया है जिसमें बताया गया है कि वह सेंट्रल पार्क न आएं, वहां BNS की धारा 163 लागू है। दूसरा नोटिस साउथ वेस्ट दिल्ली पुलिस की तरफ से दिया गया था जिसमें अभिजीत को बताया गया है कि अभिजीत, आशुतोष और सौरव को बाउंड डाउन किया गया था जब एयरपोर्ट से एहतियातन हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया था और कोर्ट ने एक साल तक अशांति नहीं फैलाने को बोला था।
दिल्ली पुलिस शुक्रवार को पूरी तरह से तैयार है। कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क के साथ साथ पूरे सेंट्रल दिल्ली की किलेबंदी कर दी गई है। इस पूरे इलाके में दिल्ली पुलिस के 6,000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। CAPF की 220 कंपनियां पूरी तरह से रेडी हैं। सेंट्रल पार्क और राजीव चौक के आसपास 10 से ज्यादा नए CCTV कैमरे लगाए गए हैं। कनॉट प्लेस, राजीव चौक, सेंट्रल पार्क, जंतर-मंतर, पालिका बाजार समेत दिल्ली के अहम इलाकों में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स पूरी तरह से मुस्दैत है। वहीं सेंट्रल पार्क के अंदर 7 लेयर की सिक्योरिटी की गई है। दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved