
कोलकाता. पश्चिम बंगाल (West Bengal) की राजधानी कोलकाता (Kolkata) में चोरबगान (Chorbagan) दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई. ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) स्थिति का जायजा लेने के लिए खुद कोलकाता पहुंचे. उनके साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे.
दोनों नेताओं ने अपोलो अस्पताल पहुंचकर इस दर्दनाक हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की और उनका हाल जाना. उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों से घायलों के इलाज के बारे में विस्तार से चर्चा की और उन्हें हर मुमकिन मेडिकल एड मुहैया कराने के निर्देश दिए.
अस्पताल जाने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर पहुंचकर मां काली के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की. उन्होंने देश और राज्य की भलाई के साथ-साथ इस हादसे में प्रभावित हुए परिवारों के लिए प्रार्थना की.
शाह ने रद्द की पूजा यात्राएं
बता दे कि शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को ही बताया था कि इस हादसे के बाद अमित शाह ने अपनी पूजा यात्राएं रद्द करने का फैसला किया है. वो रविवार को अस्पताल में घायलों से मिलेंगे और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
अमित शाह ने पीड़ितों के लिए की प्रार्थना
इससे पहले, गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस हादसे को लेकर दुख जताया था. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का बेहद दुखद समाचार मिला. इस बारे में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात की. इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.’
उन्होंने आगे बताया था कि प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवा रही है. पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूंगा. मां दुर्गा से सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
ICU में 3 घायल, एक की हालत काफी गंभीर
चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ में घायल हुए 25 लोगों में से 14 का शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है, जिनमें से तीन ICU में भर्ती हैं और एक की हालत गंभीर है. ICU के तीन मरीजों में से एक की हालत एसिडोसिस की वजह से काफी गंभीर है, ये एक ऐसी कंडिशन है जिसमें शरीर में बहुत ज्यादा एसिड बन जाता है और डॉक्टरों का कहना है कि ये भीड़ में कुचले जाने की वजह से लंबे समय तक मसल्स में लगी चोट से जुड़ी हो सकती है.
वेस्ट बंगाल क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट रेगुलेटरी कमीशन के चेयरमैन बिस्वजीत बसु ने कहा कि ICU के बाकी दो मरीजों में सुधार के संकेत दिख रहे हैं और डॉक्टरों को उम्मीद है कि उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved