
टिहरी: जाने माने पंजाबी सिंगर दिलेर मेहंदी (Punjabi singer Daler Mehndi) को लेकर नया विवाद हो गया है. वो उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्र नगर में आयोजित प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले में पहुंचे थे. स्टेज से गाना गाकर वहां मौजूद जनता को एंटरटेन कर रहे थे. लेकिन मामला तब बिगड़ा जब कैबिनेट मंत्री एवं नरेंद्र नगर के विधायक सुबोध उनियाल सीधे मंच पर पहुंच गए. दिलेर मेहंदी के शराब के नशे में गाना गाने को लेकर मंत्री सुबोध उनियाल ने आपत्ति जताई. उन्होंने सिंगर को कार्यक्रम बीच में रोकने के लिए कहा. मंत्री ने सरेआम दिलेर मेहंदी को फटकार लगाई.
दिलेर मेहंदी के शो में हंगामा
बीजेपी मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंचकर कहा कि यहां मां दुर्गा की आराधना और नवरात्र का धार्मिक आयोजन हो रहा है. ऐसे पावन अवसर पर शराब के नशे में कार्यक्रम प्रस्तुत करना उचित नहीं है. आप शराब पीकर गाना गा रहे हैं, अच्छी बात नहीं है. आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे. आपको इस मंच का सम्मान करना चाहिए था. आपने इतनी ज्यादा पी रखी है कि आपसे बोला नहीं जा रहा है. इतना पैसा देकर हमने आपको बुलाया, ताकि हमारे लोग एंटरटेन हो. लेकिन आप तो उन्हें बेवकूफ बना रहे हैं.
दिलेर मेहंदी का रिएक्शन
मंत्री ने दिलेर मेहंदी को धार्मिक आयोजन की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखने को कहा. इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा होने लगी. वहीं, कुछ लोगों ने धार्मिक आयोजन की मर्यादा बनाए रखने को लेकर मंत्री के हस्तक्षेप का समर्थन किया. इस बीच सबसे फनी दलेर मेहंदी का रिएक्शन है. जिस वक्त बीजेपी मंत्री उन्हें फटकार लगा रहे थे, वो चुपचाप खड़े थे. सिंगर लड़खड़ाती हुई जुबान में बोल रहे थे. उनकी हालत इतनी खराब थी कि वो ढंग से एक शब्द तक नहीं बोल पा रहे थे.
सिंगर को नशे में चूर देखकर मंत्री जी और बुरी तरह भड़क गए. इंटरनेट पर दिलेर मेहंदी का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. यूजर्स ने दिलेर को नशे में चूर होकर लाइव शो करने पर ट्रोल किया है. कुंजापुरी मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है. ऐसे में धार्मिक आयोजनों के दौरान आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच संतुलन बनाए रखने का विषय एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved