
रायपुर। जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) ने 91 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इसके दम पर भारत ने बड़ा स्कोर बनाया और फिर बड़े अंतर से मैच जीता। बाद में वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुनी गईं। कप्तानी छोड़ने के बाद उनकी यह पहली बड़ी पारी थी। हालांकि, भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian women’s cricket team) की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर मिड-इनिंग्स इंटरव्यू के दौरान काफी भावुक नजर आईं। इतना ही नहीं, उन्होंने इंटरव्यू खत्म करते-करते माइक को भी फेंक दिया।
अपनी शानदार पारी के दम पर भारत को 216/7 के विशाल स्कोर तक पहुंचाने के बाद हरमनप्रीत कौर ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुई दिखीं। 91 रनों की नाबाद पारी खेलने के बाद वह अपने इंटरव्यू में शुरुआत में अपने चेहरे पर मुस्कान लिए हुए थीं, लेकिन बातचीत जैसे-जैसे आगे बढ़ी तो वह भावुक होती चली गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने अपने जज्बातों पर काबू पाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चेहरे पर एक अलग तरह की मायूसी साफ नजर आ रही थी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने के बाद हरमनप्रीत कौर का यह पहला इंटरव्यू था, जिसमें उनके दिल का दर्द कैमरे पर छलक पड़ा। 41 गेंदों में 10 चौकों और 5 छक्कों की मदद से हरमन ने 91 रन बनाए। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 221.95 का था। हरमन ने दिखा दिया कि वह अभी भी क्या कर सकती हैं, लेकिन जब बात बात इंटरव्यू की आई तो वह भावुक हो गईं। यहां तक कि इंटरव्यू खत्म होते ही उन्होंने माइक को भी साइड में फेंक दिया था। हालांकि, हो सकता है कि फ्रेम के साइड में कोई शख्स खड़ा हो, जिसे उन्होंने माइक दिया हो, लेकिन जिस तरह का हाव-भाव उनका था, उससे यही लगा कि उन्होंने माइक को फेंका है। आप वीडियो देख सकते हैं।
जिस तरह से उन्होंने इस इंटरव्यू में बात की और अपने इमोशन दिखाए, उससे लग रहा है कि भारत की टीम में सब कुछ ठीक नहीं है। शायद उनसे कप्तानी भी जबरदस्ती छीनी गई है। स्मृति मंधाना को कप्तान बनाया गया है। एशियन गेम्स 2026 में भारत ने हरमन की कप्तानी में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं, पिछले साल टीम विश्व कप भी जीती थी। हालांकि, 2026 के टी20 विश्व कप में भारत ने खराब प्रदर्शन किया था।
हरमनप्रीत कौर ने मिड-इनिंग्स इंटरव्यू में अपनी इस मैच में की गई बैटिंग पर कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। बस खुद को एन्जॉय करना चाहती थी और बहुत अच्छा लगा कि मुझे बीच में कुछ समय मिला और मैंने फील्ड पर सच में एन्जॉय किया।” गेम में आने से पहले अपने फोकस पर पूर्व कप्तान ने कहा, “बस खुद को एन्जॉय करना चाहती थी, बस जितना हो सके उतनी देर बैटिंग करना चाहती थी और खुश हूं कि मैं ऐसा कर पाई।”
मैच की टॉप स्कोरर ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि आपको भी क्रेडिट देना चाहिए (WV रमन से बात करते हुए)। जैसे ही हम आए, आप आगे आए और कहा, ‘अब तुम वही करो जो तुम करना चाहती हो,’ और मैं वही करना चाहती हूं और सच में खुद को एन्जॉय करना चाहती हूं। उन शब्दों के लिए धन्यवाद।” वहीं, नेट्स में अपनी तैयारी पर हरमन बोलीं, “दो मैचों के बाद, मुझे नेट्स में कुछ समय मिला। मैं सच में हिमांशु भैया को धन्यवाद देना चाहती हूं, जो मुझ पर बहुत मेहनत कर रहे हैं और आज की बैटिंग पूरी तरह उन्हीं के बारे में थी।” क्या आपने आजादी से बैटिंग की? इस पर हरमन बोलीं, “हां, बिल्कुल।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved