
इंदौर। बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर से एक और संदिग्ध को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 11 हो गई है। आरोप है कि इस संदिग्ध ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क को लॉजिस्टिक और आर्थिक मदद मुहैया कराई थी। इस बीच, पुलिस ने गुजरात के सूरत से दो हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद भी किए हैं। बताया जाता है कि ये वही पिस्तौल हैं, जिनसे एक्टर पर हमला हुआ है।
मुंबई पुलिस ने इसके साथ ही यह भी बताया है कि हमले के बाद टाइगर श्रॉफ सदमे में हैं और परेशान हैं, इसलिए अभी उनका बयान नहीं लिया गया है। इंदौर से एक और आरोपी की गिरफ्तारी और वारदात में इस्तेमाल कथित हथियार की बरामदगी ने इस मामले की गंभीरता को बढ़ा दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को सूरत में की गई छापेमारी के दौरान हथियार बरामद किए हैं। साथ में 10 जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved