
साहेबगंज: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही. गुरुवार को निगरानी की टीम ने मुजफ्फरपुर के साहेबगंज नगर परिषद के बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) अमन कुमार को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. जिले में यह लगातार तीसरे दिन की तीसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, साहेबगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या-12 निवासी राजकुमार तिवारी ने पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके क्षेत्र में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य हुआ था और उसके भुगतान एवं संबंधित कागजी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जेई अमन कुमार 9,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे थे.
शिकायत मिलने के बाद विशेष निगरानी इकाई ने मामले की गोपनीय जांच कराई. आरोप सही पाए जाने पर एक विशेष टीम गठित की गई. तय योजना के तहत गुरुवार को जैसे ही अमन कुमार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उन्हें पकड़ लिया. उनके पास से 9 हजार रुपये बरामद किए गए. इस संबंध में कांड संख्या-07/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
गौरतलब है कि जिले में पिछले तीन दिनों से भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है. 17 फरवरी को प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार को 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया था. 18 फरवरी को सदर थाना के दरोगा भास्कर कुमार मिश्रा 15 हजार रुपये लेते पकड़े गए. वहीं अब 19 फरवरी को साहेबगंज नगर परिषद के जेई अमन कुमार की गिरफ्तारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि निगरानी विभाग भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख अपनाए हुए है.

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved