
इंदौर। एयर इंडिया एक्सप्रेस की कोलकाता उड़ान का सफर यात्रियों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। परसों रात को जिस उड़ान को कोलकाता से इंदौर आना था, वह कल दोपहर इंदौर पहुंची। 2 घंटों के सफर में यात्रियों ने 18 घंटे में पूरा किया। इस दौरान भारी अव्यवस्था भी हुई, जिससे नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा भी किया। अब यात्री कंपनी के खिलाफ उपभोक्ता फोरम ने भी जाने की तैयारी कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-2643/2644) शाम 6.30 बजे कोलकाता से रवाना होकर 8.40 बजे इंदौर पहुंचती है और रात 9.10 बजे वापस कोलकाता जाती है। गुरुवार को इस फ्लाइट से इंदौर आने के लिए यात्री शाम 4 बजे से ही एयरपोर्ट पहुंचना शुरू हो गए थे, लेकिन यह विमान तय समय से करीब 4 घंटे देरी से रात 10.30 बजे रवाना हुआ। रात 12.30 बजे जब यह विमान इंदौर पहुंचा तो यहां कोहरे के कारण इसे उतारा नहीं जा सका।
इस पर पायलट इसे डायवर्ट कर अहमदाबाद ले गए। रात 3 बजे विमान अहमदाबाद पहुंचा, यात्रियों को कहा गया कि मौसम साफ होने पर इसे इंदौर ले जाया जाएगा, लेकिन इस बीच पायलट्स का फ्लाइंग टाइम पूरा हो चुका था। वे यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही छोडक़र होटल चले गए। इससे नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। इसके बाद यात्रियों को होटल और लाउंज में रुकवाया गया। कल दोपहर 1 बजे यह विमान अहमदाबाद से रवाना होकर 2.30 बजे इंदौर पहुंचा। इस तरह दो घंटे के सफर को यात्रियों ने 18 घंटे में पूरा किया। यात्रियों के एयरपोर्ट पहुंचने के समय को जोड़ लें तो यह सफर 20 घंटे से ज्यादा का रहा। कोलकाता से ट्रेन से इंदौर आने में यात्रियों को 28 घंटे लगते हैं। यात्री कहते रहे कि इससे बेहतर तो ट्रेन से चले जाते।
इंदौर से 50 में से 46 यात्रियों ने लिया रिफंड कंपनी ने रात की उड़ान को भी किया निरस्त
इधर, इंदौर से कोलकाता जाने वाले यात्रियों ने भी फ्लाइट निरस्त होने पर हंगामा किया। इस फ्लाइट से करीब 50 यात्री कोलकाता जाने वाले थे। इनमें से 46 ने अपने टिकट की राशि रिफंड ले ली। वहीं फ्लाइट के बिगड़े शेड्यूल के कारण कल रात भी कंपनी ने कोलकाता से आने और जाने वाली उड़ानों को निरस्त कर दिया। इस पर एक बार फिर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कल सुबह इंडिगो एयर लाइंस ने भी दिल्ली से आने और जाने वाली उड़ानों को ऑपरेशनल कारणों का हवाला देकर निरस्त कर दिया था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved