
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने दिल्ली (Delhi) में होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) को लेकर ‘रेवड़ी पर चर्चा’ (Rewadi Par Charcha) नामक चुनावी कैंपेन लांच किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में चुनाव आ गए हैं। हम आज दिल्ली भर में एक नया अभियान शुरू कर रहे हैं। यह ‘रेवड़ी पे चर्चा’ है। हर गली, हर मोहल्ले और हर सोसायटी में कुल 65,000 बैठकें होंगी। पर्चे बांटे जाएंगे। इनके जरिए हमारे कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएंगे और लोगों को बताएंगे कि हमने दिल्ली में बहुत काम किया है। हमने दिल्ली के लोगों को छह मुफ्त ‘रेवाड़ियां’ दी हैं। हम दिल्ली के लोगों से पूछना चाहते हैं कि उन्हें ये ‘रेवड़ियां’ चाहिए या नहीं।
पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता पूरी दिल्ली में 65,000 सभाएं करेंगे ताकि लोगों को यह समझाया जा सके कि इन मुफ्त सुविधाओं का क्या मतलब है और कैसे केवल ‘आप’ ही इन्हें प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, महिलाओं के लिए बस यात्रा और बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा की सुविधा मुफ्त प्रदान कर रही है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं के लिए एक और ‘रेवड़ी’ 1,000 रुपये मासिक सहायता जल्द ही शुरू की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी दिल्ली में सभी मुफ्त सुविधाएं बंद करना चाहती है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में भाजपा ने ‘आप’ सरकार के विकास कार्यों को रोकने का ही काम किया है।
केजरीवाल ने दिल्ली के निवासियों को मुफ्त सेवाएं प्रदान करने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और अन्य आवश्यक सेवाओं को मुफ्त बनाने वाली नीतियां लगातार जारी रहेंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved