पटना। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव (Pappu Yadav) को बेऊर जेल से पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (PMCH) शिफ्ट किया गया है। जेल की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें देर रात पीएमसीएच (PMCH) लाया गया। आरोप है कि सरकारी अस्पताल में सांसद के साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और उन्हें करीब आधे घंटे तक कोई कमरा नहीं मिला, जिस दौरान वह गैलरी में स्ट्रेचर पर पड़े रहे।
पप्पू यादव के निजी सचिव ने बताया कि माननीय न्यायालय के आदेश के बाद सांसद को बेऊर जेल से पीएमसीएच लाया गया, लेकिन उन्हें वार्ड में शिफ्ट करने के बजाय करीब आधे घंटे तक कोरिडोर में रखा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कोई अधिकारी सुध लेने नहीं आया, अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट फोन रिसीव नहीं कर रहे थे और कंट्रोल रूम से भी कोई जवाब नहीं मिला। कस्टडी में तैनात पुलिसकर्मी अस्पताल प्रशासन से बात करने की सलाह देते रहे।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक सांसद के साथ ऐसा व्यवहार न्यायसंगत है?
पप्पू यादव का इलाज कर रहे डॉक्टर मनीष मंडल ने बताया कि जेल से आने के बाद मेडिकल इमरजेंसी में उनकी जांच की गई। जांच में ब्लड शुगर बढ़ा हुआ पाया गया, जबकि बाकी सभी रीडिंग्स सामान्य थीं। एहतियात के तौर पर उन्हें भर्ती किया गया है।
PMCH के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. अरविंद सिन्हा ने बताया कि सांसद को कैदी वार्ड में वीवीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। समर्थकों की भीड़ जुटने से कुछ चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन नियम और प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सुबह की जांच रिपोर्ट सामान्य आई है और ऑर्थो व कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों से भी परामर्श लिया जा रहा है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार रात पप्पू यादव को उनके पटना स्थित आवास से 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया। स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें शनिवार देर रात पीएमसीएच शिफ्ट किया गया।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद पटना से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved