
छत्री परिसर में बने शिव मंदिर और अन्य स्थानों पर भी पानी गिरने से लोग परेशान
इंदौर। नगर निगम (Nagar nigam) ने कुछ समय पहले कृष्णपुरा की छत्रियों को संवारने का काम किया था। हाल ही की बारिश में छत्रियों की हालत फिर बदतर हो गई है। जगह-जगह पानी टपक रहा है। यहां तक कि परिसर में बने शिव मंदिर के आसपास भी पानी के कारण श्रद्धालु परेशान हैं।
नगर निगम (Nagar nigam) द्वारा छत्रीबाग, कृष्णपुरा के साथ-साथ मराठी स्कूल के सामने बनी छत्रियों को संवारने का काम बड़े पैमाने पर शुरू किया गया था। इसके लिए कई विशेषज्ञों की मदद लेकर उनकी देखरेख में काम शुरू कराया गया था, ताकि छत्रियों का मूल स्वरूप बरकरार रहे। सभी जगह पानी टपकने की दिक्कत थी, जिसका पुराने पैटर्न से जीर्णोद्धार कार्य किया गया।

कृष्णपुरा की छत्रियों को संवारने में ही दो करोड़ से ज्यादा की राशि निगम ने खर्च कर दी थी और आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की गई थी। कुछ दिनों तक वहां की स्थिति ठीक रही, लेकिन अब इस बार हुई बारिश के बाद फिर हालत बदतर होने लगी है। परिसर में बने शिव मंदिर के आसपास और अन्य स्थानों पर बारिश का पानी टपकने की शिकायतें हो रही हैं। शिव मंदिर में कई श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचते हैं।

अधिकारियों का कहना है कि जिस फर्म से काम कराया गया था, उसके अधिकारियों को तलब किया गया है। आने वाले दिनों में वहां फिर से मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved