कोलकाता! ‘यास’ चक्रवात थमने के तुरंत बाद ही महानगर में एक बार फिर से तापमान का पारा ऊपर चढ़ने लगा है। मौसम विभाग (weather department) से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की तुलना में रविवार को तापमान का ग्राफ ऊपर गया है। रविवार को महानगर का न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। सर्वाधिक तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस है। वहीं शनिवार को महानगर का सर्वाधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य था। रविवार को बारिश होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि गत 26 मई को बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘यास’ ने ओडिशा के समुद्रतट पर लैंडफॉल किया था जिसका असर पश्चिम बंगाल के तटवर्तीय क्षेत्रों के साथ ही दक्षिण बंगाल के कई जिलों पर भी पड़ा था। 26 मई को महानगर में तो अधिक बारिश नहीं हुई थी लेकिन 27 मई को चक्रवाती तूफान के फिर से निम्न दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने के बाद महानगर समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश हुई। इस वजह से तापमान में काफी गिरावट भी दर्ज की गयी थी, जिसमें अब धीरे-धीरे फिर से वृद्धि हो रही है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved